होशियारपुर, 03 अक्तूबर (दलजीत अजनोहा):- आउटडोर स्टेडियम, होशियारपुर में 1 अक्तूबर 2026 से 3 अक्तूबर 2026 तक ‘खेड़ां वतन पंजाब दियां’ के तहत जिला स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इन खेल प्रतियोगिताओं में विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल, शिमला पहाड़ी, होशियारपुर की वॉलीबॉल खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्कूल का नाम रोशन किया।

स्कूल की वॉलीबॉल टीमों ने अंडर-21 और अंडर-14 वर्ग में प्रथम स्थान हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम किए, जबकि अंडर-17 वर्ग की खिलाड़ियों ने दूसरा स्थान हासिल कर स्कूल की उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ा।

इन प्रतियोगिताओं के दौरान टीम की कप्तान मीनाक्षी सहित लवप्रीत और यक्षिता ने बेहतरीन खेल प्रदर्शन करते हुए टीम को शानदार जीत दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

स्कूल के प्रधान अनुराग सूद, सचिव डॉ. हर्षविंदर सिंह पठानिया, प्रिंसिपल शोभा रानी, तथा मनीषा जोशी और मोनिका ने खिलाड़ियों की इस शानदार उपलब्धि पर खुशी व्यक्त की। उन्होंने कोच मलकीयत कुमार, आर.सी. मेहता और गुरप्रीत का विशेष रूप से धन्यवाद किया तथा खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए आशीर्वाद दिया। उन्होंने खिलाड़ियों को भविष्य में और अधिक मेहनत एवं लगन के साथ खेलों के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

स्कूल प्रबंधन ने बताया कि स्कूल की 22 खिलाड़ी राज्य स्तर पर होने वाले टूर्नामेंट में भाग लेंगी, जो स्कूल के लिए गर्व की बात है।

इस अवसर पर स्कूल प्रबंधन ने बताया कि इन शानदार उपलब्धियों के पीछे सरदार हरजीत सिंह गिल (एनआरआई) और सरदार कुलदीप सिंह (एनआरआई, सेवानिवृत्त डीएसओ) का भी विशेष सहयोग रहा है। उनके द्वारा खिलाड़ियों को आर्थिक सहायता भी प्रदान की गई। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी खिलाड़ियों को इसी प्रकार उनका सहयोग मिलता रहेगा।

इसके अलावा सरदार चंचल सिंह, रिटायर्ड कमांडेंट, बीएसएफ, तथा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और एयरफोर्स के रिटायर्ड कोच अश्वनी शर्मा का भी इन उपलब्धियों में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

स्कूल प्रबंधन ने कहा कि विद्या मंदिर सीनियर सेकेंडरी मॉडल स्कूल विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ-साथ खेलों के क्षेत्र में भी उच्च स्तर पर अवसर प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि स्कूल की खिलाड़ी आने वाली राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में भी शानदार प्रदर्शन कर स्कूल और होशियारपुर जिले का नाम रोशन करेंगी।

इसके साथ ही पंजाब स्कूल राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में भी इस स्कूल की वॉलीबॉल की 24 खिलाड़ी भाग लेंगी, जो स्कूल के लिए गर्व की बात है।