लुधियाना, 16 नवंबर 2026:- गुरु अंगद देव वेटरनरी एंड एनिमल साइंसेज यूनिवर्सिटी, लुधियाना के कॉलेज ऑफ डेयरी एंड फूड साइंस टेक्नोलॉजी द्वारा राष्ट्रीय दुग्ध दिवस मनाने के उद्देश्य से 19 से 26 नवंबर 2026 तक दूध में मिलावट की निःशुल्क जांच के लिए शिविर आयोजित किया जा रहा है।

इस पहल का मुख्य उद्देश्य उपभोक्ताओं को दूध की गुणवत्ता और उसमें मौजूद पोषक तत्वों के बारे में जागरूक करना है। एक सप्ताह तक चलने वाले इस शिविर में उपभोक्ताओं के दूध के नमूनों की निःशुल्क जांच की जाएगी। इसमें दूध के प्रमुख घटकों, जैसे वसा और वसा रहित ठोस पदार्थों (एसएनएफ) की जांच के साथ-साथ आमतौर पर की जाने वाली मिलावट, जैसे यूरिया, चीनी, माल्टोडेक्सट्रिन, अतिरिक्त पानी और अमोनियम यौगिकों का पता लगाया जाएगा। जांच उसी दिन की जाएगी और संबंधित उपभोक्ताओं को रिपोर्ट दी जाएगी, ताकि वे अपने दूध की गुणवत्ता और शुद्धता को समझ सकें। इस जन-जागरूकता अभियान के माध्यम से यूनिवर्सिटी का उद्देश्य उपभोक्ताओं को उनके द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले दूध के बारे में वैज्ञानिक जानकारी देकर जागरूक बनाना तथा दूध की गुणवत्ता और सुरक्षा के संबंध में सही निर्णय लेने में सक्षम बनाना है।

सभी उपभोक्ताओं से अपील की गई है कि वे इस शिविर में भाग लें और अपने कच्चे (बिना उबाले) दूध के लगभग 100 मिलीलीटर नमूने को एक साफ बोतल में डालकर कॉलेज के डेयरी केमिस्ट्री विभाग में निःशुल्क जांच के लिए लेकर आएं। यह पहल उपभोक्ता जागरूकता, खाद्य सुरक्षा और जनस्वास्थ्य के प्रति यूनिवर्सिटी की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।