संगरूर, 16 नवंबर 2026:- मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने सोमवार को स्वयं और अपने परिवार का स्व-गणना कार्य पूरा करके जनगणना 2027 के दूसरे चरण का शुभारंभ किया। उन्होंने प्रत्येक पंजाबी से इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की। लोगों से 16 से 30 नवंबर तक ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने का आग्रह करते हुए उन्होंने कहा कि परिवारों, परिवार के सदस्यों, आय, शिक्षा और रहन-सहन की स्थितियों से संबंधित सटीक आंकड़े पंजाब की भविष्य की योजनाओं और विकास नीतियों का आधार बनेंगे। उन्होंने लोगों को आश्वासन दिया कि किसी भी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी और सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। उन्होंने पंजाबवासियों से सही जानकारी देने और राज्य के विकास की भावी रूपरेखा तैयार करने में अपनी जिम्मेदारी निभाने की अपील की।

इस अवसर के कुछ दृश्य साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “आज हमने पंजाब में जनगणना 2027 के दूसरे चरण के तहत स्व-गणना प्रक्रिया शुरू की है। यह प्रक्रिया 16 नवंबर से 30 नवंबर तक जारी रहेगी, जिसके दौरान निवासी अपने घरों में आराम से ऑनलाइन अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद 1 दिसंबर से 4 जनवरी तक घर-घर जाकर गणना की जाएगी। इस अभियान के तहत एकत्रित आंकड़े राज्य की भविष्य की योजनाओं और विकास नीतियों को आकार देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। मैं सभी पंजाबवासियों से अपील करता हूं कि वे इस राष्ट्रीय अभियान में पूरे उत्साह के साथ भाग लें, सटीक जानकारी दें और सरकार को अपना सहयोग प्रदान करें।”

इस अवसर पर मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि 16 वर्षों के अंतराल के बाद भारत की जनगणना एक बार फिर करवाई जा रही है और उन्होंने इस विशाल राष्ट्रव्यापी अभियान का हिस्सा बनने पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “जनगणना दो चरणों में करवाई जा रही है। पहले चरण में मकान सूचीकरण और आवास जनगणना का कार्य पंजाब में सफलतापूर्वक पूरा किया जा चुका है। इस चरण के दौरान मकानों की स्थिति, उपलब्ध सुविधाओं और घरेलू संपत्तियों से संबंधित जानकारी एकत्रित की गई थी।”

जनगणना अधिकारियों, गणनाकारों, पर्यवेक्षकों, मास्टर प्रशिक्षकों, फील्ड प्रशिक्षकों तथा राज्य प्रशासन के अन्य अधिकारियों और कर्मचारियों के समर्पण एवं कड़ी मेहनत की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके प्रतिबद्ध प्रयासों ने पहले चरण को सफलतापूर्वक पूरा करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है और पूरी प्रक्रिया को सटीक एवं व्यापक बनाने में भी उनका योगदान अहम रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दूसरा चरण, यानी जनसंख्या गणना, सोमवार से शुरू हो गया है। इसके दौरान प्रत्येक नागरिक की जनसांख्यिकीय रूपरेखा, सामाजिक-आर्थिक स्थिति, प्रवास, शिक्षा और प्रजनन से संबंधित जानकारी एकत्रित की जाएगी। उन्होंने कहा, “इस अभियान के माध्यम से जुटाए गए आंकड़े आने वाले वर्षों में पंजाब की योजना, विकास और जनकल्याणकारी नीतियों का मार्गदर्शन करने के लिए एक महत्वपूर्ण आधार बनेंगे।”

मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा, “यह अत्यंत गर्व और संतोष की बात है कि पंजाब देश के उन शुरुआती राज्यों में शामिल है, जहां यह अभियान चलाया जा रहा है। जनगणना 2027 के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ऑनलाइन स्व-गणना 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक होगी। इसके बाद 1 दिसंबर 2026 से 4 जनवरी 2027 तक घर-घर जाकर गणना की जाएगी।”

सभी पंजाबवासियों से इस अभियान में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील करते हुए मुख्यमंत्री ने उनसे 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 के बीच ऑनलाइन स्व-गणना पूरी करने का आग्रह किया।

अपना व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि उन्होंने स्वयं यह प्रक्रिया पूरी की है और इसे बेहद सरल एवं सुविधाजनक पाया है। उन्होंने कहा, “मैंने व्यक्तिगत रूप से अपनी स्व-गणना पूरी की है और पूरी प्रक्रिया बेहद सरल एवं सुविधाजनक है। इसे पूरा करने में लगभग 25 से 30 मिनट लगते हैं और कोई दस्तावेज जमा करवाने की आवश्यकता नहीं है। लोगों को बिना किसी झिझक के आगे आकर इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी को पूरा करना चाहिए।”

मुख्यमंत्री ने लोगों को आश्वासन दिया कि जनगणना के दौरान दी गई सभी जानकारी पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी और इसका उपयोग केवल योजना एवं विकास संबंधी उद्देश्यों के लिए किया जाएगा।

जनसंख्या गणना अभियान में प्रत्येक नागरिक से पूरे उत्साह के साथ भाग लेने का आह्वान करते हुए मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने कहा कि ईमानदारी और उत्साह के साथ स्व-गणना पूरी करना सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर देकर कहा कि प्रत्येक नागरिक की गणना की जाएगी और यह अभियान केवल आंकड़े एकत्रित करने तक सीमित नहीं है, बल्कि पंजाब के विकास और सामाजिक-आर्थिक नीतियों की भविष्य की रूपरेखा तैयार करने से जुड़ा है।

मुख्यमंत्री ने कहा, “यह भारत की पहली डिजिटल जनगणना है, जिसमें मोबाइल एप्लिकेशन और ऑनलाइन स्व-गणना सुविधा के माध्यम से आंकड़े एकत्रित किए जा रहे हैं। जनगणना के सभी आंकड़े गोपनीय रहेंगे। प्रत्येक नागरिक को इसमें भाग लेना चाहिए, क्योंकि यह अभियान हमारे राज्य के भविष्य को आकार देने में मदद करेगा।”

इस अवसर पर जनगणना संचालन पंजाब की निदेशक डॉ. नवजोत खोसा ने मुख्यमंत्री को जनगणना 2027 के दूसरे चरण की स्व-गणना प्रक्रिया के बारे में जानकारी दी।