हांसी:– पुलिस अधीक्षक हांसी अमित यशवर्धन,आईपीएस ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि आज के डिजिटल युग में कंप्यूटर व मोबाइल फोन पर अपनी निजी जानकारी की सुरक्षा करना अत्यंत आवश्यक हो गया है। साइबर अपराधी हर दिन नए-नए तरीके अपनाकर लोगों को ठगी का शिकार बनाने का प्रयास करते हैं, इसलिए नागरिकों को जागरूक और सतर्क रहना बेहद जरूरी है। हांसी पुलिस द्वारा समय-समय पर आमजन को साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए विशेष अभियान भी चलाए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक हांसी ने बताया कि मोबाइल, कंप्यूटर, टैबलेट सहित सभी डिजिटल उपकरणों में मजबूत पासवर्ड का प्रयोग करना चाहिए और उच्च गुणवत्ता का एंटी-वायरस सॉफ्टवेयर इंस्टॉल रखना चाहिए, ताकि किसी भी प्रकार के वायरस या अनधिकृत गतिविधियों से बचाव किया जा सके।
उन्होंने कहा कि साइबर अपराधी अक्सर फिशिंग ईमेल, फर्जी लिंक और सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को लालच या डर दिखाकर उनकी निजी जानकारी हासिल करने की कोशिश करते हैं। इसलिए किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से पहले सावधानी बरतें और अनजान स्रोत से प्राप्त ईमेल या मैसेज पर भरोसा न करें।
उन्होंने बताया कि सामान्य और आसानी से अनुमान लगाए जा सकने वाले पासवर्ड जैसे “123456”, “password” आदि का प्रयोग करने से बचना चाहिए। इसके स्थान पर अक्षरों, अंकों और विशेष चिन्हों के संयोजन से मजबूत पासवर्ड बनाना चाहिए। साथ ही जहां संभव हो, वहां टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन या बायोमेट्रिक सुरक्षा का भी प्रयोग करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि किसी व्यक्ति के साथ किसी प्रकार की ऑनलाइन ठगी हो जाती है तो तुरंत राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करें या www.cybercrime.gov.in पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं। इसके अलावा नजदीकी पुलिस थाना या साइबर हेल्प डेस्क पर भी शिकायत दर्ज करवाई जा सकती है।
पुलिस अधीक्षक हांसी ने आम नागरिकों से अपील की कि डिजिटल माध्यमों का उपयोग करते समय सतर्कता बरतें और अपनी निजी जानकारी किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध वेबसाइट के साथ साझा न करें, ताकि साइबर अपराधों से सुरक्षित रहा जा सके।
डिजिटल खतरों से बचाव के लिए मजबूत पासवर्ड और एंटीवायरस का प्रयोग जरूरी एसपी अमित यशवर्धन
