चंडीगढ़/लुधियाना:- केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान पंजाब के दौरे पर हैं। इस दौरान वह लुधियाना पहुंचे और पराली प्रबंधन के लिए किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इस अवसर पर चौहान ने पंजाब के किसानों को बधाई देते हुए कहा कि पराली जलाने के मामलों में ऐतिहासिक गिरावट आई है। उन्होंने लोगों से यह भी अपील की कि प्रदूषण के लिए किसानों को जिम्मेदार न ठहराया जाए।
इससे पहले वह आज सुबह चंडीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचे। यहां मीडिया से बातचीत करते हुए चौहान ने कहा कि पंजाब की धरती पर आने से उनके मन में खुशी, उत्साह और श्रद्धा का भाव जागृत होता है। श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि ‘किरत करो, नाम जपो और वंड छको’ का संदेश समाज के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उनका पंजाब दौरा किसानों के कल्याण और कृषि क्षेत्र के विकास को समर्पित है। इस दौरान बदरपुर में एक विशेष कार्यक्रम में आधुनिक कृषि तकनीकों का प्रदर्शन किया जाएगा। कार्यक्रम में यूरिया के विकल्प के रूप में ग्रीन अमोनिया तकनीक का प्रदर्शन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सौर ऊर्जा के माध्यम से ग्रीन अमोनिया तैयार करने की संभावनाओं और कृषि में इसके उपयोग की जानकारी दी जाएगी।
