मोगा:- बीती देर रात हुई गोलीबारी की घटना के बाद पंजाब पुलिस के डीजीपी गौरव यादव मोगा पहुंचे। उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी हासिल की और मृतकों के परिजनों से मुलाकात की। डीजीपी ने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और वारदात में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
मिली जानकारी के अनुसार, मोगा में एक दुकान के बाहर कुछ युवक बैठे हुए थे। इसी दौरान स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर आए लोगों ने वहां मौजूद युवकों पर अंधाधुंध गोलियां चला दीं। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस घटना में गगन जिंदल (30) और साहिल जिंदल (40) की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग भी गोलियों और छर्रों की चपेट में आकर घायल हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें मौके पर पहुंच गईं और जांच शुरू कर दी गई। मोगा के एसएसपी सरताज सिंह चाहल के अनुसार, पीड़ित पक्ष ने पुलिस को कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं। पुलिस संबंधित लोगों के बयान दर्ज कर रही है और घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है। फोरेंसिक टीम भी मौके से साक्ष्य जुटा रही है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस वारदात के पीछे पुरानी रंजिश होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन गोलीबारी के वास्तविक कारणों का पता पुलिस जांच के बाद ही चलेगा। डीजीपी गौरव यादव ने स्पष्ट किया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से ले रही है। उन्होंने कहा कि घटना से जुड़े सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जाएगी और आरोपियों की पहचान करके उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस गोलीकांड के बाद इलाके में चिंता का माहौल है। अब सभी की नजरें पुलिस जांच पर टिकी हैं, ताकि वारदात के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके और इसमें शामिल लोगों के खिलाफ कार्रवाई हो सके।
