हांसी (दिनकर गावड़ी):- भारत की जनगणना-2027 के द्वितीय चरण (जनसंख्या गणना) का सफल, सुचारू और त्रुटिरहित संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीसीओ हरियाणा की ओर से जिला स्तरीय अधिकारियों, जनगणना लिपिकों और तकनीकी सहायकों के लिए दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, निर्धारित दिशा-निर्देशों, तकनीकी कार्यप्रणाली तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जिम्मेदारियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में नेशनल ट्रेनर प्रमोद कुमार, मास्टर ट्रेनर हिमांशु शर्मा तथा जिला समन्वयक हरदीप ने जनगणना के द्वितीय चरण से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रशिक्षण दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जनगणना संबंधी कार्य निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार संपन्न करने, आपसी समन्वय बनाए रखने तथा कार्य के दौरान आने वाली समस्याओं का प्रभावी समाधान करने के बारे में आवश्यक जानकारी प्रदान की।

डीसी राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में तथा एसडीएम राजेश खोथ के निर्देशन में आयोजित इस प्रशिक्षण का उद्देश्य जनगणना कार्य में जुटे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की दक्षता बढ़ाना और उन्हें अपने दायित्वों के निर्वहन के लिए पूरी तरह तैयार करना रहा।

प्रशिक्षण के दौरान जनगणना कार्य की शुद्धता, समयबद्धता और निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य निष्पादन पर विशेष जोर दिया गया, ताकि जनगणना-2027 के द्वितीय चरण से संबंधित सभी गतिविधियां प्रभावी ढंग से संपन्न की जा सकें।