करनाल, 7 दिसंबर: हरियाणा विधानसभा में चीफ व्हिप रामकुमार कश्यप ने कहा कि लोकल उत्पादों को आज बाजार में लाने की आवश्यकता है। सरकार भविष्य में ऐसे मेलों को हर संभव सहयोग देगी। विधायक आपस में बैठकर मेले को और अधिक भव्य व उपयोगी बनाने के लिए मुख्यमंत्री से भी चर्चा करेंगे।
वे नई अनाज मंडी, करनाल में आयोजित चार दिवसीय स्किल इंडस्ट्रियल एक्सपो के तीसरे दिन मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर मेले का शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में माता श्रवण कौर मूक-बधिर कल्याण स्कूल के चेयरमैन मेधा भंडारी, पार्षद संकल्प भंडारी, हरियाणा चैंबर ऑफ कॉमर्स के सचिव हरमीत सिंह हैप्पी, मदन मोहन चौधरी, ए. पी. एस. चौपड़ा, कुलदीप मक्कड़ और शिक्षाविद् राजवीर डावर सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे।
मेधा भंडारी ने कहा कि आगामी एक्सपो में महिला उद्यमियों की भागीदारी 50 प्रतिशत तक बढ़ाई जाएगी।
हरमीत सिंह हैप्पी ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना के अनुरूप यह एक्सपो अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रहा है और सरकार को इसे और भव्य बनाने में सहयोग करना चाहिए।
एक्सपो में करनाल के उद्योगपतियों ने अपनी विभिन्न श्रेणियों के उत्पाद प्रदर्शित किए, जिनमें आधुनिक एग्रो के उत्पाद विशेष आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। एमएसएमई द्वारा प्रायोजित यह मेला चंद्रगुप्त ढींगड़ा के नेतृत्व और वीरेन्द्र ढींगड़ा के संचालन में आयोजित किया जा रहा है।
मेले में राइस इंडस्ट्री, नमकीन-मिठाई, नर्सरी, दवाई, खेती-किसानी, प्रिंटिंग व अन्य उद्योगों के स्टॉल आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। अतिथियों का स्वागत वरिंदर ढींगड़ा, चंद्रगुप्त ढींगड़ा और अलकेंद्र ढींगड़ा ने किया।