हांसी (दिनकर गावड़ी):- उपायुक्त राहुल नरवाल के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए आयोजित किए जा रहे समाधान शिविरों की कड़ी में वीरवार को तहसीलदार डॉ अनिल कुमार बिढान ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समाधान शिविर में रामनिवास ने विधुर पेंशन से संबंधित समस्या रखी, जबकि ढाणी पाल निवासी चांदराम ने परिवार पहचान पत्र में दर्ज गलत मीटर नंबर हटवाने संबंधी शिकायत तहसीलदार के समक्ष रखी। तहसीलदार अनिल कुमार बिढान ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को मौके पर ही आवश्यक कार्रवाई करते हुए शिकायतों का जल्द समाधान करने के निर्देश दिए।
तहसीलदार अनिल बिढान ने नागरिकों को महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए बताया कि आयु एवं जन्मतिथि सत्यापन से संबंधित कार्य का डाटा अब ब्लॉक स्तर पर भेज दिया गया है। ऐसे में जिन नागरिकों को अपनी आयु अथवा जन्मतिथि के सत्यापन से संबंधित कार्य करवाना है, वे संबंधित ब्लॉक स्तर पर उपलब्ध व्यवस्था के माध्यम से अपना कार्य करवा सकते हैं।
तहसीलदार ने कहा कि जिला प्रशासन का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है। समाधान शिविरों के माध्यम से नागरिकों को अपनी समस्याएं सीधे अधिकारियों के समक्ष रखने का अवसर मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत पर गंभीरता से कार्रवाई करते हुए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उसका समाधान सुनिश्चित करें।
इस अवसर पर एमई जयबीर सिंह, श्रम निरीक्षक अमित लोहान, निरीक्षक रमेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
