हरोली/ऊना, 12 मई (राजवीर चोपड़ा):- बैंक ऑफ इंडिया एवं हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन (HBIA) के संयुक्त तत्वावधान में “इंडस्ट्री कनेक्ट मीट” का भव्य आयोजन कॉमन फैसिलिटी सेंटर, बाथू-बाथड़ी औद्योगिक क्षेत्र, ऊना (हिमाचल प्रदेश) में किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य उद्योग क्षेत्र और बैंकिंग संस्थानों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना, उद्योगों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ना तथा उद्यमियों को विभिन्न वित्तीय योजनाओं की जानकारी उपलब्ध करवाना रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक उद्योगपति, उद्यमी, व्यापार प्रतिनिधि एवं बैंक ऑफ इंडिया के वरिष्ठ अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान उद्योग जगत से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई तथा उद्योगों के विकास में बैंकिंग क्षेत्र की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।
बैंक ऑफ इंडिया की ओर से श्री राजेश रंजन (जोनल मैनेजर, चंडीगढ़), श्री प्रमोद कुमार (एजीएम, एसएमईसीसी चंडीगढ़), श्री राहुल कुमार (मार्केटिंग हेड, चंडीगढ़) तथा श्री बलवंत सिंह (प्रबंधक, बैंक ऑफ इंडिया ऊना) विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैंक अधिकारियों ने उद्योगों के लिए उपलब्ध विभिन्न बैंकिंग योजनाओं, ऋण सुविधाओं, एमएसएमई वित्त, कार्यशील पूंजी, टर्म लोन, डिजिटल बैंकिंग सेवाओं तथा व्यापार विस्तार से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं।
अधिकारियों ने बताया कि बैंक ऑफ इंडिया उद्योगों को सशक्त बनाने तथा नए उद्यमियों को प्रोत्साहित करने के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने उद्योगपतियों को आधुनिक बैंकिंग सेवाओं, डिजिटल भुगतान प्रणाली एवं सरकारी योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के दौरान उद्योगपतियों ने बैंकिंग प्रक्रियाओं से संबंधित विभिन्न सुझाव एवं समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई।
हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन की ओर से अध्यक्ष राकेश कौशल, उपाध्यक्ष नरेंद्र सिंह, सलाहकार आर.सी. तनेजा तथा संगठन सचिव दीपक पुरी ने कार्यक्रम में सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि उद्योग क्षेत्र की मजबूती के लिए बैंक एवं उद्योगों के बीच निरंतर संवाद अत्यंत आवश्यक है। ऐसे कार्यक्रम उद्योगपतियों को नई जानकारियां एवं बेहतर वित्तीय अवसर प्रदान करने में सहायक सिद्ध होते हैं।
कार्यक्रम में उद्योग जगत से जुड़े कई प्रमुख प्रतिनिधि उपस्थित रहे, जिनमें जे.पी. सक्सेना (अपोलो प्रोडक्ट इंडिया), राजबीर सिंह (मिसेज बेक्टर फूड), प्रशांत सक्सेना (अपोलो एग्रो), विवेक शर्मा (विभूति न्यूट्रिशन्स), विशाल वशिष्ठ (दीक्षा एंटरप्राइज), प्रदीप कुमार (हिमालया क्राफ्ट प्रा. लि.), अश्वनी शर्मा (निशा एंटरप्राइज), महेश कुमार (दीपक फास्टनर्स), रमेश कुमार (सूरी पोलैक्स इंडस्ट्रीज), सिमरनजीत सिंह (जी.एस. बोर्ड मिल), जगदीप गुप्ता एवं कन्हैया लाल शर्मा (हिम बायो एग्रो), सत प्रकाश सोनी (एआरआरडी लेबल्स), संत प्रकाश एवं राजन शर्मा (संत राइस मिल), कार्तिक बठला (अतुल ऑटोमोटिव) तथा बलजीत सिंह (वर्धमान इस्पात उद्योग) प्रमुख रूप से शामिल रहे।
उद्योगपतियों ने बैंक ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम उद्योग क्षेत्र की आवश्यकताओं को समझने एवं बैंकिंग सेवाओं को अधिक प्रभावी बनाने में सहायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने भविष्य में भी इस प्रकार के संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।
कार्यक्रम का समापन धन्यवाद प्रस्ताव के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी उपस्थित उद्योगपतियों, बैंक अधिकारियों एवं अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया तथा भविष्य में उद्योग एवं बैंकिंग क्षेत्र के बीच सहयोग को और अधिक मजबूत बनाने का संकल्प लिया गया।
बैंक ऑफ इंडिया एवं हरोली ब्लॉक इंडस्ट्रीज़ एसोसिएशन द्वारा इंडस्ट्री कनेक्ट मीट का सफल आयोजन
