हरोली/ऊना, 25 मार्च (राजवीर चोपड़ा):- हरोली विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत गांव साऊवाल में इन दिनों बास्केटबॉल और कबड्डी टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया जा रहा है। इस खेल आयोजन को लेकर क्षेत्र के युवाओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है और बड़ी संख्या में खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रशांत राय मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, टीम भावना और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देते हैं।
उन्होंने आयोजकों की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी प्रतिभाओं को निखारने का बेहतरीन मंच प्रदान करते हैं। साथ ही उन्होंने युवाओं को नशे से दूर रहकर खेलों में आगे बढ़ने का संदेश भी दिया।
टूर्नामेंट में आसपास के कई गांवों की टीमों ने भाग लिया है और मुकाबले बेहद रोमांचक हो रहे हैं। स्थानीय लोग भी बड़ी संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का हौसला बढ़ा रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में आयोजकों द्वारा मुख्य अतिथि को स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।