पटियाला (काका राम वर्मा):- विश्व बाल अधिकार एवं कर्तव्य जागरूकता दिवस के अवसर पर सोनी पब्लिक स्कूल में अंतर-सदनीय खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। संयुक्त राष्ट्र और यूनिसेफ द्वारा वर्ष 1954 से बाल संरक्षण, सम्मान, खुशहाली और प्रगति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मनाए जा रहे इस दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रधानाचार्य श्रीमती रमनदीप कौर ने बताया कि चेयरपर्सन अमरजीत कौर और मैनेजिंग डायरेक्टर श्री वरिंदर सिंह के प्रयासों से दूसरे खेल मुकाबले आयोजित किए गए। इनमें रेड, ग्रीन, येलो और ब्लू हाउस के 124 लड़के-लड़कियों ने आठ प्रकार की प्रतियोगिताओं में भाग लेकर शानदार प्रदर्शन किया।
भारत स्काउट्स एंड गाइड्स की ट्रेनिंग कमिश्नर श्रीमती रविंदर कौर सिद्धू, पंजाब पुलिस की इंस्पेक्टर सरबजीत कौर, एएसआई राम शरण और श्री काका राम वर्मा ने स्कूल प्रबंधन के प्रयासों की सराहना करते हुए बच्चों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेलों से स्वास्थ्य, तंदुरुस्ती, निरोगता, आत्मविश्वास और साहस बढ़ता है। खेलों के माध्यम से देश-दुनिया घूमने के अवसर मिलते हैं और राष्ट्रीय तथा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने वाले खिलाड़ियों को रोजगार, धन-दौलत और सम्मान भी प्राप्त होता है।
श्री वरिंदर सिंह ने धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि स्कूल की ओर से मजदूर परिवारों के बच्चों को बेहतर स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कार और उन्नति के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए उन्हें उचित मार्गदर्शन और सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं।
कार्यक्रम समन्वयक भावना शर्मा ने बताया कि पांचवीं कक्षा के गुरतेज सिंह और चौथी कक्षा की जानवी को सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी घोषित किया गया, जबकि सातवीं कक्षा की अनामिका को सर्वश्रेष्ठ अनुशासित विद्यार्थी के रूप में सम्मानित किया गया। 16 खिलाड़ियों को स्वर्ण पदक, 16 को रजत पदक और 24 बच्चों को कांस्य पदक तथा प्रमाणपत्र देकर सम्मानित किया गया। येलो हाउस ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि ग्रीन हाउस को उपविजेता ट्रॉफी प्रदान की गई।
बच्चों ने यह संकल्प भी लिया कि वे नशे, फास्ट फूड, जंक फूड, कोल्ड ड्रिंक और वाहनों के इस्तेमाल से दूर रहेंगे।
