नवांशहर, 19 नवंबर (जतिंदरपाल सिंह कलेर):- आम आदमी पार्टी के स्थापना दिवस पर 26 नवंबर को मोगा में होने जा रही विशाल मेगा रैली को लेकर बलाचौर में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। रैली की तैयारियों के संबंध में बलाचौर में पार्टी के सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें रैली को ऐतिहासिक बनाने के लिए रणनीति तैयार की गई।

हर बूथ तक पहुंचने का फैसला

बैठक में रैली को सफल बनाने के लिए विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। प्रत्येक पदाधिकारी और कार्यकर्ता को अपने-अपने क्षेत्र से अधिक से अधिक साथियों की भागीदारी सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह रैली केवल एक जनसभा नहीं, बल्कि मिशन 2027 की मजबूत नींव साबित होगी।

चेची का कार्यकर्ताओं को सीधा संदेश, एकजुटता ही जीत की कुंजी

इस संबंध में जानकारी देते हुए आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष एवं जिला योजना बोर्ड के चेयरमैन एडवोकेट संजीव चौधरी चेची ने पत्रकारों को बताया कि कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह है। उन्होंने कहा कि एकजुटता, मेहनत और समर्पण के साथ मिशन 2027 की ओर आगे बढ़ा जाएगा और मोगा की रैली इस मिशन की मजबूत शुरुआत साबित होगी।

बलाचौर से बड़ा काफिला ले जाने की तैयारी

नेताओं ने कार्यकर्ताओं से अपील की कि सभी मिलकर 26 नवंबर को मोगा में होने वाली इस ऐतिहासिक रैली को सफल बनाएं। बैठक के बाद यह तय किया गया कि बलाचौर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं का काफिला मोगा के लिए रवाना होगा, जो जिले की ताकत का प्रदर्शन करेगा।