हांसी (दिनकर गावड़ी):- डीडीपीओ संदीप भारद्वाज ने बताया कि 2 अक्टूबर को जिले की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन ग्राम सभाओं के माध्यम से ग्रामीणों को स्वच्छता, नशा मुक्ति, परिवार पहचान पत्र में आवश्यक मंथन, स्वयं सहायता समूहों की गतिविधियों तथा विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं सेवाओं के बारे में जागरूक किया जाएगा। साथ ही, ग्रामीणों से गांव के विकास और सरकारी योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन को लेकर सुझाव भी प्राप्त किए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि विशेष ग्राम सभाओं का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करते हुए गांव से जुड़े विषयों पर सामूहिक चर्चा, सुझाव और समाधान की प्रक्रिया को मजबूत करना है। ग्राम सभाओं में ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ-साथ घर-घर कचरा संग्रहण, कचरे के उचित निस्तारण एवं स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

फैमिली आईडी से जुड़ी समस्याओं की दी जाएगी जानकारी

डीडीपीओ ने बताया कि ग्राम सभाओं में फैमिली आईडी में करेक्शन से संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी उपलब्ध करवाई जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विभागों से संबंधित जनसमस्याओं एवं योजनाओं पर भी चर्चा की जाएगी, ताकि पात्र नागरिकों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो।

उन्होंने कहा कि नशा मुक्ति अभियान को प्रभावी बनाने के लिए ग्राम स्तर पर जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में ग्रामीणों की भूमिका पर भी चर्चा होगी। इसके अलावा स्वयं सहायता समूहों की भूमिका, उनकी गतिविधियों और ग्रामीण महिलाओं के आर्थिक एवं सामाजिक सशक्तिकरण से जुड़े विषयों पर भी विचार-विमर्श किया जाएगा।

‘रिफॉर्म उत्सव’ को लेकर भी किया जाएगा जागरूक

डीडीपीओ संदीप भारद्वाज ने बताया कि 2 अक्टूबर से शुरू हो रहे ‘रिफॉर्म उत्सव’ के बारे में भी ग्रामीणों को जानकारी दी जाएगी। विभिन्न सामाजिक कल्याण योजनाओं एवं सरकारी सेवाओं के संबंध में ग्रामीणों से सुझाव प्राप्त किए जाएंगे। प्राप्त सुझावों के आधार पर जहां आवश्यक होगा, योजनाओं के क्रियान्वयन एवं सेवा वितरण व्यवस्था में अपेक्षित सुधार करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।

विभिन्न संस्थाओं एवं समूहों की भी होगी भागीदारी

गांवों में स्वच्छता, स्वास्थ्य, नशा मुक्ति, सामाजिक जागरूकता एवं जनकल्याण से संबंधित गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की ओर से ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल, व्यक्तिगत स्वच्छता एवं स्वास्थ्य संबंधी विषयों पर आवश्यक जानकारी और सुझाव दिए जाएंगे। ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने तथा बीमारियों से बचाव के लिए आवश्यक सावधानियों के प्रति भी जागरूक किया जाएगा।

ग्राम पंचायतों के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त

डीडीपीओ ने बताया कि प्रत्येक ग्राम पंचायत के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किए जा चुके हैं। नोडल अधिकारियों की देखरेख में विशेष ग्राम सभाओं और उनसे संबंधित जागरूकता गतिविधियों का आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा। कार्यक्रम से जुड़ी आवश्यक जानकारी एवं गतिविधियों को ऑनलाइन पोर्टल पर भी उपलब्ध करवाया जाएगा, जिससे कार्यों की प्रभावी निगरानी, पारदर्शिता और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जा सके।