खरड़ (साहिबजादा अजीत सिंह नगर), 4 अक्तूबर 2026:- श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित पंजाब सरकार द्वारा तैयार की गई विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म जिला एस.ए.एस. नगर के खरड़ ब्लॉक के गांव घटौर और चंदो गोबिंदगढ़ में विशेष वैन के माध्यम से एलसीडी स्क्रीन पर दिखाई गई।
इस अवसर पर गांववासियों को श्री गुरु रविदास जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं, सामाजिक समानता, आपसी भाईचारे और मानवता की सेवा के संदेश से जोड़ने के लिए पंजाब सरकार द्वारा तैयार की गई लगभग 30 मिनट की विशेष डॉक्यूमेंट्री फिल्म प्रदर्शित की गई।
एसडीएम खरड़ गुरमीत सिंह, पीसीएस ने जानकारी देते हुए कहा कि श्री गुरु रविदास जी की शिक्षाएं आज भी समाज को समानता, भाईचारे, शांति और मानवता की सेवा का मार्ग दिखाती हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा श्री गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से लोगों, विशेषकर युवा पीढ़ी को गुरु साहिब के जीवन और दर्शन से परिचित करवाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि विशेष वैन के माध्यम से गांवों में डॉक्यूमेंट्री फिल्म दिखाने का उद्देश्य गुरु साहिब के महान जीवन और उनकी शिक्षाओं को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास हमारी समृद्ध धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के साथ नई पीढ़ी को जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर गांवों के निवासियों ने पंजाब सरकार द्वारा किए जा रहे इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि विशेष वैन के माध्यम से दिखाई जा रही डॉक्यूमेंट्री फिल्म द्वारा श्री गुरु रविदास जी के जीवन और उनकी शिक्षाओं के बारे में जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है।
