हांसी:- शहर को स्वच्छ, सुंदर एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन के नेतृत्व में बुधवार को लगातार विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। अभियान के अंतर्गत वार्ड नंबर 1, 5, 16, 19 एवं 24 में नगर परिषद तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से व्यापक सफाई अभियान चलाया।
इस दौरान एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन स्वयं फील्ड में मौजूद रहे तथा विभिन्न वार्डों का निरीक्षण करते हुए नालों, सड़कों, गलियों, सार्वजनिक स्थलों एवं सीवरेज व्यवस्था की सफाई कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के दौरान शहर के विभिन्न क्षेत्रों में नालों की सफाई कर कचरा उठाया गया, सड़कों एवं गलियों से गंदगी हटाई गई तथा सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा बनाया गया। वहीं, जहां आवश्यकता महसूस हुई वहां सीवरेज लाइनों की सफाई सुपर सकर मशीन के माध्यम से करवाई गई, ताकि सीवरेज जाम की समस्या का समय रहते समाधान किया जा सके और बरसात के मौसम में जलभराव जैसी स्थिति उत्पन्न न हो।
एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि शहर में कहीं भी कूड़े के ढेर, गंदगी अथवा जलभराव की स्थिति दिखाई नहीं देनी चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छता व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक अधिकारी अपने-अपने निर्धारित क्षेत्र का नियमित निरीक्षण कर सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करें। उन्होंने नालों की समयबद्ध सफाई, कचरे के त्वरित उठान, सीवरेज लाइनों के रखरखाव तथा सार्वजनिक स्थानों की नियमित सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि हांसी को स्वच्छ एवं सुंदर शहर बनाने के लिए आमजन की सहभागिता बहुत आवश्यक है। इसलिए नागरिक भी अपने आसपास साफ-सफाई बनाए रखें, कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालें तथा नगर परिषद के स्वच्छता अभियान में सक्रिय सहयोग करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को स्वच्छता के प्रति लगातार जागरूक किया जाए, ताकि शहर में स्थायी रूप से स्वच्छ वातावरण कायम रखा जा सके।
विशेष स्वच्छता अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए प्रत्येक वार्ड में अलग-अलग अधिकारियों को नेतृत्व की जिम्मेदारी सौंपी गई। वार्ड नंबर 5 में मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान, वार्ड नंबर 16 में कनिष्ठ अभियंता संदीप, वार्ड नंबर 24 में नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र सोनी, वार्ड नंबर 1 में स्वयं एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन तथा वार्ड नंबर 19 में तकनीकी विशेषज्ञ अनुज एवं प्लांटेशन विशेषज्ञ सुरजीत ने अभियान का नेतृत्व किया। सभी अधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में सफाई कार्यों की लगातार निगरानी करते हुए कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
अभियान के दौरान नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी राजेंद्र सोनी, मुख्यमंत्री सुशासन सहयोगी प्रतीक्षा सांगवान, कनिष्ठ अभियंता संदीप, तकनीकी विशेषज्ञ अनुज, प्लांटेशन विशेषज्ञ सुरजीत सहित नगर परिषद एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने सफाई कार्यों की निरंतर मॉनिटरिंग करते हुए निर्देश दिए कि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने के लिए भविष्य में भी नियमित रूप से विशेष स्वच्छता अभियान चलाए जाएं, ताकि नागरिकों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
एडीसी एवं डीएमसी लक्षित सरीन के नेतृत्व में शहर में लगातार चलाया जा रहा है विशेष स्वच्छता अभियान
