होशियारपुर/दलजीत अजनोहा:- त्योहारों के मद्देनज़र लोगों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध करवाने तथा मिलावटखोरी पर रोक लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की फूड सेफ्टी टीम द्वारा जिले में विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पंजाब की कमिश्नर फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन श्रीमती कंवलप्रीत कौर बराड़, आई.ए.एस., डिप्टी कमिश्नर होशियारपुर श्रीमती आशिका जैन, आई.ए.एस. तथा सिविल सर्जन होशियारपुर डॉ. मनदीप कमल के दिशा-निर्देशों और जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. जतिंदर भाटिया के नेतृत्व में फूड सेफ्टी टीमों द्वारा जिले में लगातार चेकिंग एवं सैंपलिंग की जा रही है। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, मिलावटखोरी पर रोक लगाना तथा लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा करना है।
इसी अभियान के तहत आज सुबह फूड सेफ्टी ऑफिसर (FSO) श्री विवेक और उनकी टीम द्वारा प्रभात चौक तथा फगवाड़ा बाईपास पर नाके लगाकर दिल्ली से आने वाली बसों की चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान बसों में ले जाए जा रहे खाद्य पदार्थों की जांच की गई। टीम द्वारा विशेष रूप से पनीर, खोया तथा दूध से तैयार होने वाले अन्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता की जांच की गई, ताकि यह सुनिश्चित किया जा सके कि त्योहारों के दौरान लोगों तक मिलावट रहित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ पहुंचें। इस दौरान दूध का एक तथा पनीर का एक सैंपल लेकर जांच के लिए भेजा गया। सैंपलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अगली कार्रवाई की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लोगों से अपील की गई है कि वे दूध, पनीर, खोया और मिठाइयों जैसे खाद्य पदार्थ खरीदते समय विशेष सावधानी बरतें। लोगों को चाहिए कि वे विश्वसनीय दुकानों से ही खाद्य पदार्थ खरीदें तथा उनकी गुणवत्ता से समझौता न करें। यदि किसी व्यक्ति को खाद्य पदार्थों में मिलावट या घटिया गुणवत्ता संबंधी कोई संदेह हो, तो इसकी सूचना स्वास्थ्य विभाग को दें।
स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि त्योहारों के सीजन के दौरान लोगों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध फूड सेफ्टी नियमों के अनुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए चेकिंग और सैंपलिंग अभियान लगातार जारी रहेगा।
