होशियारपुर:- शिरोमणि अकाली दल के हलका इंचार्ज संजीव तलवार ने मौजूदा राजनीतिक हालात के संबंध में कार्यकर्ताओं के साथ एक अहम बैठक की। बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने आम आदमी पार्टी की सरकार पर तीखे राजनीतिक निशाने साधे।
संजीव तलवार ने कहा कि सरदार सुखबीर सिंह बादल को एसआईटी (SIT) द्वारा जारी किया गया समन अभी उन तक पहुंचा भी नहीं था, लेकिन उससे पहले ही उसकी कॉपी आम आदमी पार्टी के आधिकारिक सोशल मीडिया पेजों पर पोस्ट कर दी गई। उन्होंने दावा किया कि इस घटना से एसआईटी की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं और यह कार्रवाई राजनीतिक मकसद से प्रेरित दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि शिरोमणि अकाली दल इस राजनीतिक बदले की भावना का लोकतांत्रिक तरीके से उचित जवाब देगा।
उन्होंने कहा कि पिछले दस वर्षों से विभिन्न सरकारें बेअदबी के मामले को लेकर राजनीति करती आ रही हैं, लेकिन असली दोषियों को कानून के कठघरे में लाने के बजाय शिरोमणि अकाली दल की सीनियर लीडरशिप को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विरोधी पार्टियों को डर है कि पंजाब में आम आदमी पार्टी का राजनीतिक विकल्प केवल शिरोमणि अकाली दल ही बन सकता है, जिस कारण ऐसी कार्रवाईयां की जा रही हैं।
तलवार ने कहा कि शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सरदार सुखबीर सिंह बादल ने पहले बनीं सभी जांच टीमों (SITs) को पूरा सहयोग दिया है और इस बार भी वह जांच में पूरा सहयोग करेंगे। लेकिन उन्होंने कहा कि समन की कॉपी पहले ही सोशल मीडिया पर सार्वजनिक करना गंदी राजनीति का हिस्सा है।
उन्होंने ऐलान किया कि 20 जुलाई को चंडीगढ़ में होने वाली पेशी के दौरान सरदार सुखबीर सिंह बादल के समर्थन में शिरोमणि अकाली दल के हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहेंगे और होशियारपुर विधानसभा हलके से भी सैकड़ों कार्यकर्ता इस मौके पर शामिल होंगे।
तलवार ने कहा कि पंजाब में चल रही तानाशाही का अंत लोकतांत्रिक तरीके से जल्द होगा और लोग इसका जवाब देंगे।
बैठक को सरदार प्रेम सिंह (जिला प्रधान, अनुसूचित जाति मोर्चा), बिक्रमजीत सिंह कलसी, संतोष सिंह औजला (जिला प्रधान, व्यापार सेल), नरिंदर सिंह और संजीव थापर ने भी संबोधित किया। इस मौके पर सुखबीर सिंह, बलदेव सिंह, दविंदर सिंह, विशाल, अनमोल, जोध सिंह, ऋषभ मट्टू के अलावा शिरोमणि अकाली दल के अन्य सीनियर नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित थे।
एसआईटी की कार्रवाई आम आदमी पार्टी के राजनीतिक हितों से प्रेरित शिरोमणि अकाली दल देगा उचित जवाब संजीव तलवार
