करनाल, 19 नवंबर (प्रवीण वालिया):- शहर में वायु प्रदूषण पर प्रभावी नियंत्रण लगाने और पर्यावरण संरक्षण के नियमों का पालन सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम करनाल की टीमों ने निगरानी और गश्त तेज कर दी है। नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा के निर्देशों पर प्रदूषण फैलाने वालों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है।
इसी कड़ी में नगर निगम की टीम को आर.के. पुरम क्षेत्र में गली नंबर-8 के समीप एक कबाड़ की दुकान के संचालक द्वारा दुकान के साथ लगते खाली प्लॉट में कबाड़ के सामान को आग लगाकर वायु प्रदूषण फैलाने की शिकायत मिली। शिकायत पर तुरंत संज्ञान लेते हुए जोन प्रभारी ऊषा रानी के नेतृत्व में निगम की टीम ने संबंधित दुकान पर छापा मारा। निरीक्षण के दौरान मौके पर कबाड़ जलता हुआ पाया गया।
नगर निगम की टीम ने कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदार का मौके पर ही 5,000 रुपये का चालान किया तथा कबाड़ में लगी आग बुझवाई। साथ ही दुकानदार को चेतावनी दी गई कि भविष्य में इस प्रकार आग लगाकर प्रदूषण फैलाने पर उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
निगमायुक्त की नागरिकों से अपील—कचरे में आग न लगाएं, पर्यावरण संरक्षण में सहयोग करें
नगर निगम आयुक्त सलोनी शर्मा ने शहरवासियों से अपील करते हुए कहा कि वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का सामूहिक दायित्व है। कचरा, पत्तियां, प्लास्टिक, कबाड़ या किसी भी प्रकार के अपशिष्ट को खुले में जलाने से वातावरण प्रदूषित होता है और लोगों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है।
उन्होंने कहा कि नगर निगम शहर में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन इन प्रयासों को सफल बनाने के लिए नागरिकों का सहयोग बेहद जरूरी है। कोई भी व्यक्ति कचरे या कबाड़ में आग न लगाए और यदि कहीं खुले में कचरा जलता दिखाई दे तो इसकी सूचना नगर निगम को दे। पर्यावरण को स्वच्छ एवं सुरक्षित रखने के लिए सभी नागरिक अपनी जिम्मेदारी निभाएं और करनाल को प्रदूषण मुक्त बनाने में सहयोग करें।
टीम में जोन प्रभारी ऊषा रानी के साथ सहायक सफाई निरीक्षक कृष्ण कुमार तथा ट्रीगर मास्टर गुरदेव सिंह मौजूद रहे।
