हरोली/ऊना, 19 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- दुलैहड़ स्टेडियम में 17 और 18 अक्टूबर को आयोजित तीसरे विशाल दंगल की बड़ी माली शानवीर कोहाली ने अपने नाम की। रविवार को हुए फाइनल मुकाबले में शानवीर ने उत्तर प्रदेश के पहलवान अभिनायक को हराकर जीत दर्ज की। विजेता को 2.51 लाख रुपये की इनामी राशि दी गई। दो दिवसीय दंगल में नामी पहलवानों के मुकाबले देखने के लिए दर्शकों में खासा उत्साह रहा।

दंगल के पहले दिन दो बड़ी कुश्तियां करवाई गईं। पहली कुश्ती मथुरा के अंकित और खन्ना के नरेंद्र के बीच हुई, जबकि दूसरी कुश्ती में कांगड़ा के सोनू और मलेरकोटला के गनी आमने-सामने रहे। इन मुकाबलों में पहलवानों ने अपने दांव-पेच दिखाए। दूसरे दिन बड़ी माली के फाइनल मुकाबले पर सभी की निगाहें टिकी रहीं। उत्तर प्रदेश के अभिनायक और कोहाली के शानवीर के बीच हुए मुकाबले में शानवीर ने बाजी मार ली।

दंगल में हरोली ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष संदीप अग्निहोत्री और मॉड्यूल्स कॉस्मेटिक कंपनी के प्रबंध निदेशक राजन धीर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। आयोजन कमेटी ने दंगल के दौरान मुकाबलों और अन्य व्यवस्थाओं का जिम्मा संभाला। दो दिन तक चले इस आयोजन में स्थानीय पहलवानों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।

दंगल के आयोजन में कमेटी प्रधान करण के साथ काकू, विक्की, विकास, गगन, सुचा, संजीव चंदेल, नंद किशोर सोढ़ी, बाबा मिंटू जोशी, अमित ठाकुर, मंजीत काकू, खजान सिंह और मनी राणा ने सहयोग किया।