फतेहाबाद:- मनोहर मेमोरियल कॉलेज ऑफ एजुकेशन में चल रहे सात दिवसीय एनएसएस शिविर का समापन सेवा और संवेदनशीलता के संकल्प के साथ हुआ। शिविर के अंतिम दिन स्वयंसेवकों ने न केवल स्वच्छता का संदेश दिया, बल्कि सामाजिक सरोकार निभाते हुए जरूरतमंदों की सहायता भी की। शिविर के अंतिम व सातवें दिन की शुरुआत कॉलेज परिसर स्थित कैंटीन क्षेत्र में चलाए गए विशेष स्वच्छता अभियान से हुई। 
इसके बाद स्वयंसेवकों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। समापन अवसर पर उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वयंसेवकों को प्रमाण पत्र वितरित कर उनकी हौसला अफजाई की। शिविर के समापन पर स्वयंसेवकों ने झुग्गी बस्तियों का दौरा किया, जहां उन्होंने जरूरतमंद लोगों को कपड़े, फल और बिस्कुट वितरित कर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया। इससे पूर्व, शिविर का छठा दिन स्पोट्र्स एवं योगा क्लब के सहयोग से स्वास्थ्य जागरूकता के नाम रहा।
 इस अवसर पर आयोजित योग सत्र में योग प्रशिक्षिका लक्ष्मी ने विद्यार्थियों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के गुर सिखाए। डायटीशियन मेघा बतरा ने छात्राओं को संतुलित आहार का महत्व समझाते हुए उचित खान-पान के टिप्स दिए। 
इसके अलावा सांई डेंटल क्लीनिक से दंत रोग विशेषज्ञा डॉ. आशिमा अरोड़ा ने स्वयंसेवकों के दांतों की जांच की और मौखिक स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। यह सात दिवसीय शिविर विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, स्वास्थ्य जागरूकता और समाज सेवा की भावना विकसित करने के साथ सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।