हरोली/ऊना, 27 अक्टूबर (राजवीर चोपड़ा):- राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय ललड़ी में आयोजित सात दिवसीय विशेष राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) शिविर का समापन समारोह आज हर्षोल्लास एवं उत्साह के साथ संपन्न हुआ। समारोह में श्री राकेश चंदर जोशी, पूर्व शिक्षक एवं प्रधान, शिव मंदिर समिति ललड़ी ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
इस अवसर पर डॉ. प्रवीण जोशी, महेश भारद्वाज, श्री तरसेम लाल, मैडम राज, श्रीमती निर्मला देवी, योगराज, शमशेर सिंह, विद्यालय की प्रधानाचार्या पुनीत भारद्वाज, एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी यश पाल एवं श्रीमती रजनी देवी सहित विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान स्वयंसेवियों ने विभिन्न सामाजिक एवं रचनात्मक गतिविधियों में भाग लिया। शिविर में स्वच्छता अभियान, योग एवं प्रातःकालीन व्यायाम, स्वास्थ्य एवं स्वच्छता, सड़क सुरक्षा, नशा निवारण, आपदा प्रबंधन, भारतीय संस्कृति एवं नैतिक मूल्यों से संबंधित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसके अतिरिक्त स्वयंसेवियों को विभिन्न विषयों के विशेषज्ञों द्वारा महत्वपूर्ण जानकारी भी प्रदान की गई।
मुख्य अतिथि श्री राकेश चंदर जोशी ने स्वयंसेवियों को संबोधित करते हुए समाज सेवा, अनुशासन, नैतिक मूल्यों तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को समाज के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा सेवा भाव को अपने जीवन का अभिन्न अंग बनाने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्रधानाचार्या पुनीत भारद्वाज ने शिविर के सफल आयोजन के लिए एनएसएस स्वयंसेवियों, कार्यक्रम अधिकारियों एवं समस्त स्टाफ सदस्यों के प्रयासों की सराहना की।
