मोहाली, पंजाब, 4 अक्तूबर (जगमीत घुम्मन):- माता-पिता के सम्मान एवं गौ सेवा के संदेश को समर्पित मात-पिता गौधाम महातीर्थ, बनूड़-अंबाला रोड, गांव खल्लौर, जिला मोहाली में रविवार को सेवा सम्मान समारोह एवं 178वें मासिक भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा, पंजाब एवं ट्राईसिटी सहित दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गौ भक्त एवं समाजसेवी शामिल हुए। समारोह में श्री महंत आत्माराम जी मुख्य अतिथि के रूप में, बाबा सोमनाथ जी सिद्धू (कुल्ले वाली सरकार) विशिष्ट अतिथि के रूप में तथा राजपुरा से दीपक भारद्वाज जी (भजन गायक) अपनी टीम के साथ उपस्थित रहे।

समारोह में समाज सेवा, संस्कार, मानवता एवं जनहित के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले महानुभावों को सेवा सम्मान से सम्मानित किया गया। समारोह में सम्मानित होने वालों में श्रीमती सुबीना आनंद जी, प्रधानाचार्या (बेबी कॉन्वेंट स्कूल), श्रीमती स्वर्ण शर्मा जी, प्रधानाचार्या (स्टेलर इंटरनेशनल स्कूल), श्री सुरेंद्र कुमार सिंगला (कवि, गौ सेवक व समाज सेवक), प्रोफेसर सुखविंदर सिंह सागर (प्रधानाचार्य, भोलाथ कॉलेज, कपूरथला) तथा श्री गोविंद सिंह भाटिया (सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य एवं पर्यावरणविद्) शामिल रहे। सभी महानुभावों ने संस्थापक गौचर दास ज्ञान जी को समाज, गौ माता और माता-पिता के लिए समर्पित एक आदर्श पुरुष बताया तथा उनकी पूरी कमेटी की सराहना की। उन्होंने संस्थापक गौचर दास ज्ञान जी के माता-पिता और गौ माता के सम्मान के इस अकल्पनीय विचार का भी खूब सम्मान किया।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं ने गौ माताओं को हरा चारा एवं मीठा दलिया खिलाकर गौ सेवा की। भजन-कीर्तन एवं सत्संग के दौरान जय माता के जयकारों से पूरा परिसर भक्तिमय हो उठा। भजन गायक श्री दीपक भारद्वाज जी ने अपने मधुर भजनों से श्रद्धालुओं को भक्ति रस से सराबोर किया।

कार्यक्रम के दौरान डॉक्टर अरुण बैक्टर द्वारा एक्यूप्रेशर व नेचर केयर शिविर में लगभग 50 व्यक्तियों का मेडिकल चेकअप किया गया, जिसमें श्रद्धालुओं एवं समाजसेवियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके पश्चात विशाल भंडारे में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

संस्था के संस्थापक श्री गौचर दास ज्ञान जी, ट्रस्टीगण एवं कार्यकारिणी सदस्य संस्था के मूल उद्देश्य “हर घर में मां-बाप का सत्कार और गौ माता से प्यार” के संदेश को समाज तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। मात-पिता गौधाम महातीर्थ में निर्माणाधीन विश्व के प्रथम माता-पिता मंदिर के माध्यम से भी लोगों को अपने माता-पिता में भगवान का स्वरूप देखने और उनका सम्मान करने का संदेश दिया जा रहा है।

मात-पिता गौधाम महातीर्थ, बनूड़-अंबाला रोड, गांव खल्लौर, जिला मोहाली (पंजाब) — “मां-बाप का सत्कार और गौ माता से प्यार, यही है मात-पिता गौधाम का आधार।”