होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- श्रीमती आशिका जैन, आईएएस, उपायुक्त-सह-प्रमुख जनगणना अधिकारी, होशियारपुर के दिशा-निर्देशों और उपमंडल मजिस्ट्रेट, गढ़शंकर श्री संजीव कुमार, पीसीएस के नेतृत्व में जनगणना-2027 के दूसरे चरण (जनसंख्या गणना) के तहत आम लोगों को स्व-गणना के प्रति जागरूक करने और उनकी अधिकतम भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। इसके अंतर्गत श्री लवदीप सिंह धूत, पीआरएस, तहसीलदार-सह-चार्ज अधिकारी, गढ़शंकर/माहिलपुर (ग्रामीण) की ओर से विशेष सेमिनार आयोजित किया गया।

इसी कड़ी में क्वांटम पेपर मिल, सैला खुर्द में उद्योग से जुड़े लोगों और श्रमिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जागरूकता बैठक की गई। इसमें प्रबंधक श्री शाम लाल बंगा, आजेश गुप्ता, एवीपी एडमिन, सुरक्षा अधिकारी कैप्टन लखवीर सिंह, सुखदेव डानसीवाल तथा अन्य नागरिक शामिल हुए।

इससे पहले तहसील कार्यालय, गढ़शंकर में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विभागीय अधिकारियों से अपने अधीन कर्मचारियों और विभागों से जुड़े अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान से जोड़ने पर जोर दिया गया।

उल्लेखनीय है कि भारत की जनगणना-2027 देश की कुल 16वीं और स्वतंत्रता के बाद आठवीं जनगणना होगी। मूल रूप से वर्ष 2021 में होने वाली यह जनगणना कोविड-19 महामारी के कारण स्थगित कर दी गई थी। अब यह जनगणना, जनगणना अधिनियम, 1948 के तहत करवाई जा रही है। यह देश की जनसंख्या तथा सामाजिक और आर्थिक स्थिति का व्यापक सांख्यिकीय चित्र प्रस्तुत करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है।

जनगणना-2027 भारत की पहली डिजिटल जनगणना होने के कारण एक ऐतिहासिक उपलब्धि है। इसमें तकनीक के उपयोग से जनगणना प्रक्रिया को अधिक सरल, प्रभावी और नागरिकों की भागीदारी वाला बनाया जा रहा है। इस जागरूकता अभियान का मुख्य उद्देश्य आम नागरिकों को जनगणना-2027 के अंतर्गत उपलब्ध स्व-गणना की सुविधा की जानकारी देना और उन्हें अपने घर-परिवार का विवरण ऑनलाइन दर्ज करने के लिए प्रेरित करना है।

होशियारपुर उच्च साक्षरता वाला जिला है और स्व-गणना में अधिक भागीदारी इसके इस दावे को और मजबूत करेगी। वर्ष 1881 से शुरू हुए जनगणना के लंबे इतिहास में पहली बार नागरिकों के लिए स्व-गणना की प्रक्रिया 16 नवंबर 2026 से 30 नवंबर 2026 तक उपलब्ध करवाई गई है। इसके लिए आधिकारिक स्व-गणना पोर्टल https://se.census.gov.in का उपयोग किया जा सकता है।

इस अभियान को सफल बनाने में तहसीलदार-सह-चार्ज अधिकारी, गढ़शंकर (ग्रामीण) की तकनीकी टीम के प्रमुख सरदार सतवंत सिंह, फील्ड ट्रेनर श्री सुंदर मनीअम, श्री मनोज कुमार बंगा, श्री रणजीत सिंह, श्री गुरिबंदर सिंह, श्री सतीश कुमार, श्री बलराज, तकनीकी सहायक मिस तनजीत और जनगणना क्लर्क श्री रितेश कुमार सहित जनगणना कोर टीम, गढ़शंकर (ग्रामीण), होशियारपुर ने सक्रिय भूमिका निभाई। इनके साथ पर्यवेक्षकों, प्रगणकों और अन्य संबंधित फील्ड अधिकारियों ने भी महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इसी कड़ी में गढ़शंकर/माहिलपुर तहसील में आगामी दिनों के दौरान सेमिनार आयोजित करवाने की इच्छुक ग्राम पंचायतों और संस्थाओं में जागरूकता सेमिनार जारी रहेंगे।