हांसी:– एसडीएम राजेश खोथ ने स्थानीय अनाज मंडी का दौरा कर फसल खरीद तथा किसानों की सुविधाओं के लिए की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। इस अवसर पर मार्केट कमेटी के सचिव सहित अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी भी मौजूद रहे। एसडीएम ने अनाज मंडी में पहुंचकर किसानों से भी काफी देर बातचीत की। किसानों ने कहा कि फिलहाल उन्हें किसी प्रकार की कोई दिक्कत नहीं है। 
एसडीएम ने अधिकारियों को  निर्देश दिए कि मंडी में आने वाले प्रत्येक किसान को आवश्यक सभी सुविधाएं जैसे पेयजल, छाया, बारदाने की उपलब्धता, तौल व्यवस्था और भुगतान प्रक्रिया सुचारू रूप से मिलनी चाहिए। उन्होंने कहा कि खरीफ फसलों की कटाई का कार्य आरंभ हो चुका है और इसी के साथ धान व बाजरे की आवक भी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में अनाज मंडी में सभी व्यवस्थाओं को  दुरुस्त रखा जाए।
एसडीएम राजेश खोथ ने मौके पर धान की नमी जांचने वाले यंत्र का निरीक्षण किया और संबंधित कर्मचारियों से इसकी कार्यप्रणाली की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि नमी मापक यंत्रों की सटीकता अत्यंत महत्वपूर्ण है । उन्होंने निर्देश दिए कि सभी यंत्रों की नियमित जांच सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी किसान को तौल या गुणवत्ता आकलन में असमानता का सामना न करना पड़े।
उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मंडी में पर्याप्त लाइटिंग की व्यवस्था बनाए रखी जाए ताकि शाम के समय भी खरीद कार्य सुचारू रूप से चलता रहे, साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि फसल उठान कार्य को प्राथमिकता के साथ तेजी से करवाया जाए ताकि मंडी में अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो और किसानों को अपनी फसल उतारने में किसी भी प्रकार की कठिनाई न आए।
एसडीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि अनाज मंडी में कार्यरत सभी कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी जाए और कोई भी अधिकारी या कर्मचारी अपनी जिम्मेदारी से कोताही न बरते। उन्होंने कहा कि प्रशासन का लक्ष्य यह सुनिश्चित करना है कि किसान अपनी उपज को बिना किसी परेशानी के बेच सकें और भुगतान समय पर प्राप्त करें।
इस अवसर पर मार्केट कमेटी सचिव ने भी अनाज मंडी में बारदाने की उपलब्धता, लिफ्टिंग कार्य और खरीद केंद्रों की व्यवस्था संबंधी जानकारी दी। एसडीएम ने अधिकारियों की तैयारियों पर संतोष व्यक्त किया, साथ ही यह भी कहा कि जब तक पूरा खरीद सीजन समाप्त नहीं हो जाता, तब तक मंडी में सतत निगरानी और निरीक्षण जारी रहेगा।
उन्होंने कहा कि किसानों की सुविधा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि मंडी में आने वाले हर किसान को सम्मान और सुविधा के साथ सेवा मिले।