हांसी (दिनकर गावड़ी):- समाधान शिविर में एसडीएम राजेश खोथ ने आमजन की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनका शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए। गांव ढाणी पीरवाली के नवीन कुमार ने सीवरेज में पीने के पानी के जलभराव और गंदे पानी की समस्या रखी, जिस पर एक्सईएन और जेई को तुरंत कार्रवाई करने के आदेश दिए गए। गांव उमरा के रामकिशन पुत्र हरफूल ने वाटर सप्लाई की ड्रेन पाइपलाइन लीक होने की शिकायत दी, जिस पर मरम्मत के आदेश दिए गए। 

गांव ढाणी राजू के सुभाष पुत्र सुखदेव ने राशन कार्ड बनवाने के लिए आवेदन किया, जिसे डीएफएससी अधिकारी के पास भेज दिया गया। गांव मिर्जापुर के राजू पुत्र लीलू राम ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में चिकित्सक की नियुक्ति की मांग की, जिस पर एसएमओ हांसी को कार्रवाई के निर्देश दिए गए। 

गांव गढ़ी के रोहताश पुत्र अमरचंद ने बीपीएल कार्ड से संबंधित शिकायत रखी, जिस पर जांच के आदेश दिए गए। हनुमान कॉलोनी, हांसी के उमेश कंसल पुत्र सुदर्शन कंसल ने जलभराव की समस्या बताई, जिस पर नगर परिषद अभियंता को तुरंत जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

 गांव बड़छपर के धर्मवीर पुत्र रामप्रताप की जलभराव संबंधी शिकायत पर एसएचओ हांसी को रिपोर्ट पेश करने को कहा गया। इसके अलावा, गांव सुलचानी के बलराज पुत्र टेकचंद ने माइनर की सफाई और जल निकासी की मांग की, जिस पर सिंचाई विभाग के एक्सईएन को आवश्यक कदम उठाने के आदेश दिए गए।

एसडीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को निर्देश दिए कि शिकायतों का निपटारा निर्धारित समय-सीमा में किया जाए और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इस दौरान तहसीलदार अनिल विधान, नायब तहसीलदार सुरेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।