संतोषगढ़/ऊना, 1 अप्रैल (राजवीर चोपड़ा):- हिमाचल प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग के दिशानिर्देशों के तहत जिला ऊना के छह नगर निकायों के वार्डों की आरक्षण सूची जारी कर दी गई है। इसी क्रम में नगर परिषद संतोषगढ़ के 9 वार्डों का आरक्षण रोस्टर भी घोषित कर दिया गया है, जिससे स्थानीय राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
जारी रोस्टर के अनुसार वार्ड नंबर 3 को अनुसूचित जाति (एस.सी.) महिला के लिए आरक्षित किया गया है, जबकि वार्ड नंबर 2 एस.सी. वर्ग के लिए आरक्षित रहेगा। इसके अलावा वार्ड नंबर 1, 6, 7 और 9 को महिला आरक्षित घोषित किया गया है।
वहीं, वार्ड नंबर 4, 5 और 8 को अनारक्षित रखा गया है। इस तरह 50 प्रतिशत महिला आरक्षण के चलते इस बार 9 में से 5 वार्ड महिलाओं के लिए आरक्षित हो गए हैं।
आरक्षण रोस्टर लागू होते ही कई संभावित उम्मीदवारों की चुनावी उम्मीदों को झटका लगा है। खासकर वे पुरुष उम्मीदवार, जो इन वार्डों से चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे थे, अब मैदान से बाहर हो गए हैं।
दिलचस्प बात यह है कि अधिक एस.सी. आबादी वाले वार्ड नंबर 4 और 5 इस बार रोस्टर प्रक्रिया के चलते अनारक्षित घोषित किए गए हैं, जबकि वार्ड 2 और 3 में एस.सी. आरक्षण लागू होने से राजनीतिक समीकरणों में बड़ा बदलाव देखने को मिल रहा है।
नए आरक्षण के चलते जहां कई पुराने दावेदारों की उम्मीदें टूट गई हैं, वहीं राजनीतिक दलों के सामने अब आरक्षित वर्ग से नए उम्मीदवारों का चयन करना चुनौती बन गया है।
आगामी नगर निकाय चुनावों को लेकर क्षेत्र में सरगर्मियां तेज हो गई हैं और सभी राजनीतिक दल अपनी रणनीति बनाने में जुट गए हैं।