संतोखगढ़/ऊना, 23 जून (राजवीर चोपड़ा):- नगर परिषद संतोखगढ़ के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद के लिए लंबे इंतजार के बाद मंगलवार को हुए चुनाव में नए नेतृत्व का चयन हो गया। अध्यक्ष पद पर अंजना चब्बा तथा उपाध्यक्ष पद पर अधिवक्ता संदीप कुमार निर्वाचित घोषित किए गए।
चुनाव प्रक्रिया के दौरान नगर परिषद परिसर में काफी उत्साह का माहौल देखने को मिला। परिणाम घोषित होते ही समर्थकों और शुभचिंतकों ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष को फूल-मालाएं पहनाकर बधाई दी तथा मिठाइयां बांटकर खुशी का इजहार किया।
गौरतलब है कि बीते दिनों अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए हुए प्रयासों के बावजूद किसी निष्कर्ष पर सहमति नहीं बन पाई थी, जिसके चलते चुनाव प्रक्रिया को मंगलवार तक स्थगित कर दिया गया था। मंगलवार को हुए मतदान में अंततः नगर परिषद को नया नेतृत्व मिल गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अंजना चब्बा ने सभी पार्षदों और नगरवासियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे नगर के विकास, स्वच्छता व्यवस्था, पेयजल, सड़क सुधार और जनसुविधाओं को प्राथमिकता देंगी। वहीं उपाध्यक्ष अधिवक्ता संदीप कुमार ने कहा कि नगर परिषद की पूरी टीम के साथ मिलकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया जाएगा।
नगरवासियों ने भी नए नेतृत्व से नगर के विकास कार्यों में तेजी लाने, पारदर्शी प्रशासन देने और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से हल करने की उम्मीद जताई है। क्षेत्र के विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं व्यापारिक संगठनों ने दोनों नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दी हैं।
नगर परिषद संतोखगढ़ के नए नेतृत्व के चयन के साथ ही अब नगर के विकास कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद बढ़ गई है।
नगर परिषद संतोखगढ़ को मिला नया नेतृत्व अंजना चब्बा बनीं अध्यक्ष अधिवक्ता संदीप कुमार चुने गए उपाध्यक्ष
