रतिया, 10 अक्तूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के कुशल मार्गदर्शन एवं दिशा-निर्देशन में नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना सदर रतिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 9,600 नशीली गोलियों की खेप बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, बरामद नशीली गोलियां व्यावसायिक मात्रा की श्रेणी में आती हैं और इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये है। बरामद गोलियों में ट्रामाडोल की 6,000 और अल्प्राजोलम की 3,600 गोलियां शामिल हैं। आरोपी की पहचान गांव महमड़ा, जिला फतेहाबाद निवासी खजान सिंह पुत्र फौजा सिंह के रूप में हुई है। आरोपी को माननीय न्यायालय में पेश किया जाएगा। डीएसपी रतिया श्री कुलबंत सिंह, एचपीएस ने प्रेस वार्ता के दौरान इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में नशीले पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं। इसी कड़ी में 9 अक्तूबर को पुलिस चौकी महमड़ा प्रभारी सहायक उपनिरीक्षक ज्योति प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस टीम गांव ढाणी बबनपुर क्षेत्र में गश्त और अपराधों की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इस दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि गांव महमड़ा निवासी खजान सिंह, जो गांव बादलगढ़ में डॉक्टरी का कार्य करता है, नशीली गोलियों की अवैध बिक्री में संलिप्त है। सूचना के अनुसार, आरोपी नशीली गोलियों की बड़ी खेप लेकर पंजाब के बीरेवाला क्षेत्र में आपूर्ति करने जाने वाला था।
डीएसपी ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए गांव बादलगढ़ स्थित रविदास धर्मशाला के नजदीक कार्रवाई की। इसी दौरान एक व्यक्ति नीले और काले रंग का बैग लेकर आता दिखाई दिया। पुलिस वाहन को देखकर वह अचानक पीछे मुड़ा और तेज कदमों से जाने लगा। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उसे रोककर काबू कर लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम खजान सिंह बताया। डीएसपी भूना श्री नरसिंह, एचपीएस की मौजूदगी में स्वतंत्र गवाहों के समक्ष कानूनी प्रक्रिया का पालन करते हुए आरोपी और उसके बैग की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान बैग से 600 पत्तों में ट्रामाडोल की 6,000 गोलियां तथा 240 पत्तों में अल्प्राजोलम की 3,600 गोलियां बरामद हुईं। ट्रामाडोल की गोलियों का वजन 1 किलो 636 ग्राम और अल्प्राजोलम की गोलियों का वजन 722 ग्राम पाया गया। इस प्रकार पुलिस ने कुल 2 किलो 358 ग्राम वजन की 9,600 नशीली गोलियां बरामद कीं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 7 लाख रुपये बताई गई है।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस ने बरामद नशीली गोलियों को नियमानुसार सीलबंद कर अपने कब्जे में ले लिया। इस संबंध में आरोपी के खिलाफ थाना सदर रतिया में मुकदमा नंबर 218, दिनांक 09.10.2026, धारा 22सी/61/85 एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
डीएसपी श्री कुलबंत सिंह ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के दिशा-निर्देशन में थाना सदर रतिया प्रभारी शीशपाल के नेतृत्व में नशा तस्करी के खिलाफ लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। थाना क्षेत्र में पुलिस टीमें गश्त, निगरानी और गुप्त सूचनाओं के आधार पर कार्रवाई करते हुए नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों पर शिकंजा कस रही हैं। 9,600 नशीली गोलियों की यह बरामदगी इसी अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि नशे की अवैध खरीद-फरोख्त पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ-साथ तस्करी से जुड़े पूरे नेटवर्क का पता लगाने के लिए भी गंभीरता से प्रयास किए जा रहे हैं।
डीएसपी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर के मार्गदर्शन में नशे की आपूर्ति शृंखला को तोड़ने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी इतनी बड़ी मात्रा में नशीली गोलियां कहां से लेकर आया था, इन्हें पंजाब में किन व्यक्तियों तक पहुंचाया जाना था और इस अवैध कारोबार में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच के दौरान किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता सामने आने पर उसके खिलाफ भी नियमानुसार सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीएसपी श्री कुलबंत सिंह ने कहा कि फतेहाबाद पुलिस का उद्देश्य केवल नशीले पदार्थों की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है, बल्कि नशे के अवैध कारोबार की जड़ों तक पहुंचकर उसकी पूरी आपूर्ति शृंखला को ध्वस्त करना है। पुलिस अधीक्षक श्रीमती निकिता खट्टर, आईपीएस के नेतृत्व में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान पूरी प्रतिबद्धता के साथ जारी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने आमजन से अपील की कि नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री या तस्करी से संबंधित किसी भी गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें। आमजन के सहयोग से नशा तस्करों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई करने और नशामुक्त फतेहाबाद के लक्ष्य को साकार करने के प्रयासों को और मजबूती मिलेगी।
