हरोली/ऊना, 13 अक्तूबर (राजवीर चोपड़ा):- प्रोफेसर सिम्मी अग्निहोत्री राजकीय महाविद्यालय हरोली में 13 अक्तूबर 2026 को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों एवं आम जनता को यातायात नियमों का पालन करने, हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट का प्रयोग करने तथा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के प्रति जागरूक करना था।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार के मार्गदर्शन में आयोजित इस रैली की प्रभारी डॉ. बिंदिया चंदेल रहीं। रैली के माध्यम से विद्यार्थियों को सड़क सुरक्षा के नियमों का पालन करने तथा स्वयं और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों को तेज गति से वाहन न चलाने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने तथा यातायात संकेतों का पालन करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेंद्र कुमार सहित विभिन्न स्टाफ सदस्यों ने अपनी उपस्थिति दर्ज करवाई तथा सड़क सुरक्षा के महत्व पर बल दिया। सभी ने सुरक्षित यातायात व्यवस्था बनाए रखने और सड़क दुर्घटनाओं को कम करने के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।
इस जागरूकता रैली के माध्यम से विद्यार्थियों में जिम्मेदार नागरिक बनने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता फैलाने की भावना को प्रोत्साहित किया गया।
