करनाल, 31 दिसंबर:- जिला रेडक्रॉस सोसायटी के सचिव कुलबीर मलिक ने बताया कि उपायुक्त एवं जिला रेडक्रॉस सोसायटी के प्रधान उत्तम सिंह के मार्गदर्शन में भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी की जिला शाखा सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली एक अग्रणी संस्था है। संस्था द्वारा अप्रैल 2025 से दिसम्बर 2025 तक दिव्यांग जनों को 174 मोटराइज्ड तिपहिया साईकिलें, 20 व्हील चेयर, 22 कान की मशीने तथा 70 कृत्रिम अंग/उपकरण जिनकी कीमत 1.25 करोड़ है, निशुल्क उपलब्ध करवाए गए।
इसके साथ ही सामाजिक संस्थाओं जैसे निफा, एन.एस.ओ., रक्तदान शिविर आयोजक कपिल व अशोक वर्मा के साथ मिलकर 132 रक्तदान शिविरों का आयोजन करके 8538 यूनिट रक्त एकत्रित कर सिविल हस्पताल, करनाल तथा कल्पना चावला राजकीय मेडिकल कॉलेज, करनाल के ब्लड बैंकों को उपलब्ध करवाया गया।
उन्होंने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा टी0बी0 जागरूकता अभियान के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग हरियाणा के साथ मिलकर लोगों को टी.बी. के प्रति जागरूक करना तथा टी0बी0 रोगियों को पोषण किट उपलब्ध करवाई जाती है। जिला के विभिन्न स्थानों (सलारपुरा, नई अनाज मंडी, मंगल कॉलोनी, वाल्मीकि बस्ती, उँचा समाना, झंझाडी तथा शुगर मिल इत्यादि) पर 14 टी0बी0 जागरूकता कैंप लगाए गए तथा 90 टी0बी0 रोगियों को पोषण किट निशुल्क उपलब्ध करवाई गई।
उन्होंने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा समय-समय पर नशा मुक्त अभियान चलाकर लोगों को नशे के दुष्परिणामों के बारे मे जागरूक किया जाता है तथा नशा न करने की शपथ दिलवाई जाती है, ताकि समाज को नशा मुक्त बनाने में सहयोग मिल सके। जिला के विभिन्न स्थानों(दयाल सिंह कॉलेज, सरकारी स्कूल, उचाना, डी0ए0वी0 स्कूल, इंद्री रोड, करनाल इत्यादि) पर 15 नशा मुक्ति जागरूकता कैम्प लगाए गये। सोसायटी द्वारा सर्दियों के मौसम में गरीब, असहाय तथा खुले में सोने वाले व्यक्तियों को 105 कम्बल बांटे गए तथा उन्हें रैन बसेरों में जाकर सोने बारे जागरूक किया गया।
उन्होंने बताया कि रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा चलाए जा रहे टी0आई0 प्रोजेक्ट के अंतर्गत हाई रिस्क ग्रुप को एचआईवी एड्स के प्रति जागरूक तथा इनके प्रति फैली गलत धारणाओं को कैम्प लगाकर दूर किया जाता है। टी0 आई0 प्रोजेक्ट द्वारा 1847 एचआईवी एड्स टेस्ट, 1998 वीडीआरएल टेस्ट, 3909 सामान्य मेडिकल चेकअप किए गए तथा जिले में विभिन्न स्थानों (मंगल कॉलोनी, रामनगर, शुगर मिल, उँचा समाना, बलडी) पर अचआईवी एड्स टेस्ट जागरूकता तथा हेल्थ चेकअप कैंप लगाए गए।
उन्होंने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसाईटी द्वारा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, हरियाणा राज्य शाखा, चंडीगढ़ के सहयोग से पांच दिवसीय जूनियर रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन इनफिनिटी पब्लिक स्कूल, काछवा में एक दिसंबर से 5 दिसंबर तक किया गया। जिसमें करनाल जिले के विभिन्न स्कूलों से 120 विद्यार्थियों द्वारा भाग लिया गया। शिविर में रेडक्रॉस का इतिहास, आपदा प्रबंधन, नशा मुक्ति, मोबाईल का दुरूपयोग, प्राथमिक सहायता, स्वस्थ जीवन शैली तथा करनाल जिले की वार्षिक गतिविधियों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गयी।
उन्होंने बताया कि जिला रेडक्रॉस सोसाइटी करनाल द्वारा भारतीय रेडक्रॉस सोसायटी, हरियाणा राज्य शाखा, चंडीगढ़ के सहयोग से पांच दिवसीय यूथ रेडक्रॉस प्रशिक्षण शिविर का आयोजन दयाल सिंह कॉलेज में 10 से 14 नवंबर तक किया गया। जिसमें करनाल जिले के विभिन्न कॉलेजों से 120 विद्यार्थियों द्वारा भाग लिया गया। शिविर में रेडक्रॉस का इतिहास, आपदा प्रबंधन, नशा मुक्ति, मोबाईल का दुरुपयोग, प्राथमिक सहायता, स्वस्थ जीवन शैली तथा करनाल जिले की वार्षिक गतिविधियों पर विशेषज्ञों द्वारा जानकारी दी गयी।
उन्होंने बताया कि जिला रैडक्रॉस सोसाइटी करनाल द्वारा 01 जुलाई से 07 जुलाई, 2025 तक वन महोत्सव सप्ताह मनाया। वन महोत्सव मनाने का मकसद स्थानीय लोगों को पौधारोपण अभियान में शामिल करना और पर्यावरण जागरूकता फैलाना है। इस सप्ताह में, रैडक्रॉस ऑफिस ग्राउंड और आस-पास के अन्य ऑफिसों में फलदार पेड़ लगाए गए।
इसके साथ ही सोसाइटी द्वारा अप्रैल 2025 से दिसम्बर 2025 तक 14077 व्यक्तियों को सामान्य प्राथमिक चिकित्सा सहायता प्रशिक्षण, 790 व्यक्तियों को प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, 80 व्यक्तियों को सी0पी0आर0 प्रशिक्षण, 293 फैक्ट्री मे काम करने वाले व्यक्तियों को प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण तथा 94 व्यक्तियों को आपदा एवं प्राथमिक चिकित्सा का प्रशिक्षण कराया गया।
रेडक्रॉस सोसायटी सामाजिक क्षेत्र में कार्य करने वाली एक अग्रणी संस्था
