रतिया, 21 अक्टूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- शक्ति नाटक क्लब द्वारा शहर के सीनियर सेकेंडरी बॉयज स्कूल में आयोजित दशहरा पर्व धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया गया। बुराई पर अच्छाई की जीत के प्रतीक रावण के पुतले का श्रद्धापूर्वक दहन किया गया। विद्यालय परिसर में हजारों की संख्या में दर्शकों ने यह दृश्य देखा।
इससे पहले दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में रामलीला ग्राउंड से भगवान श्रीराम और रावण की सेना की झांकियां निकाली गईं। पंजाबी सभा के पूर्व प्रधान डॉ. जी.डी. मेहता के सुपुत्र समाजसेवी विक्की मेहता ने झंडी दिखाकर झांकियों को रवाना किया। इस दौरान कार्यक्रम की अध्यक्षता पंजाबी सभा के अध्यक्ष सतीश हांडा ने की।
इस अवसर पर अग्रवाल सभा के अध्यक्ष प्रमोद बंसल, नंबरदार एसोसिएशन के प्रधान ज्ञानचंद चोपड़ा, संयोजक डॉ. हंसराज, विज्ञान सागर बाघला, हरबंस खन्ना, कृष्ण तनेजा, रघुनाथ मंदिर कमेटी के प्रधान सुभाष चुघ, शाम आनंद, काली माता मंदिर कमेटी के प्रधान श्यामलाल बंसल, अरोड़वंश सभा के पूर्व प्रधान अशोक ग्रोवर, पंचनाथ स्मारक ट्रस्ट के प्रधान रोहित चुघ, सोनू ग्रोवर, सुरेश मेहता, विन्नी वधवा, देव कक्कड़, जितेंद्र, सतीश मेहता, दिनेश तनेजा, सतीश चोपड़ा, श्याम मेहता, मनीष घई, संजय चुघ सहित अन्य गणमान्य लोग मौजूद थे।
शक्ति नाटक क्लब द्वारा निकाली गई झांकियों में सागर आर्ट की ओर से भगवान शिव भोलेनाथ, काली माता, अघोरियों की कंकाल सेना और भगवान श्री हनुमान की झांकियां प्रस्तुत की गईं, जिन्होंने शहरवासियों को रोमांचित कर दिया। आर्ट ग्रुप की भगवान शिव भोलेनाथ और काली माता की झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
दशहरा झांकी रामलीला ग्राउंड से शुरू होकर शक्ति नगर, पंजाबी धर्मशाला, टोहाना रोड, भगत सिंह चौक, फतेहाबाद रोड, संजय गांधी चौक और बुढलाडा रोड से होते हुए शहर के मुख्य बाजार से गुजरकर रामलीला ग्राउंड पहुंची। वहां भगवान श्रीराम और रावण की सेनाओं के बीच भयंकर युद्ध का मंचन किया गया।
