हिसार:- श्री रामलीला कमेटी कटला के 129वें श्री रामनवमी महोत्सव के अंतर्गत देवी भवन के गोयनका सदन में प्रात: हवन के उपरांत भव्य रामनवमी शोभा यात्रा धूमधाम से निकाली गई। कथा व्यास भावेश कृष्ण भारद्वाज के सान्निध्य में शोभा यात्रा हिसार की मोहना मंडी से शुरू हुई और विभिन्न बाजारों से होते हुए वापस यहीं पहुंची। देवी भवन स्थित गोयनका सदन में सभी श्रद्धालुओं ने सात्विक भोजन प्रसाद ग्रहण किया।
शोभा यात्रा में भारत माता, कालभैरव स्वरूप में भगवान शंकर, सृष्टि रचयिता ब्रह्मा, भगवान विष्णु-लक्ष्मी व माता दुर्गा की झांकी देखने लायक रही। चारों भाइयों श्रीराम, लक्ष्मण, भरत व शत्रुघ्न की झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इनके साथ ही प्रथम पूज्य श्रीगणेश, श्रीरामलला का स्वरूप, श्रीराधा-कृष्ण व नृत्य करते हनुमान जी की झांकी ने शहरवासियों का मन मोह लिया। झांकियों के साथ ही सैकड़ों श्रद्धालु हाथ में हनुमान जी की ध्वजा थामे हुए बैंड-बाजे के साथ आगे बढ़े। विभिन्न स्थानों पर प्रसाद, पुष्पों व इत्र के साथ शोभा यात्रा का स्वागत हुआ और पूरा शहर जय श्रीराम के उदघोष से गूंज उठा।
कटला रामलीला की भव्य रामनवमी शोभा यात्रा के शुभारंभ अवसर पर हरियाणा प्रदेश व्यापार मंडल के अध्यक्ष बजरंग दास गर्ग बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे। उन्होंने श्रद्धालुओं को रामनवमी की बधाई देते हुए कहा कि जन-जन तक प्रभु श्रीराम की शिक्षाओं को पहुंचाकर कटला रामलीला अनुकरणीय कार्य कर रही है। नौ दिवसीय श्री रामनवमी महोत्सव व श्रीराम कथा का सफलतापूर्वक आयोजन के लिए श्री रामलीला कमेटी कटला के समस्त पदाधिकारी व सदस्य बधाई के पात्र हैं।
इस अवसर पर बजरंग दास गर्ग ने कहा कि प्रभु श्रीराम के जीवन से हमें मर्यादा, धर्म, त्याग, धैर्य व सहनशीलता को अपनाने की सीख लेनी चाहिए। उन्होंने कहा कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों को अपनाकर घर-परिवार में सामंजस्य स्थापित करते हुए खुशहाल व आनंदमय जीवन व्यतीत किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम ने विषम परिस्थितियों में धर्म के मार्ग पर चलने, माता-पिता की आज्ञा को शिरोधार्य मानने, परिवार के प्रति प्रेम बनाए रखने और सभी को साथ लेकर चलने का आदर्श उदाहरण प्रस्तुत किया।
शोभा यात्रा में शिव कुमार गोयल, रमेश जिंदल, नारायण दास बंसल, पवन असरावा, अंजनी गर्ग, मांगेराम रावलवासिया, रमेश जिंदल, दिनेश बिंदल, मोहित गुप्ता, डॉ. हरीश शर्मा, विनोद जैन, अशोक गुप्ता, सुशील बुड़ाकिया, संदीप गुप्ता व दीपक गर्ग विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे।
इस दौरान श्री रामलीला कमेटी कटला के प्रधान विनोद गुप्ता, सचिव ललित गोयल, कोषाध्यक्ष रमेश कुमार लोहिया, उप प्रधान अनूप बिंदल व सह सचिव राजकुमार जैन एवं कार्यकारिणी सदस्य विनोद कंसल, राजेश बंसल, राधेश्याम अग्रवाल, दिनेश जैन, प्रवीन सिंगल व चंद्रभान सोनी ने अतिथियों का स्वागत-सत्कार किया।
सैकड़ों ध्वजों झांकियों व बैंडबाजे के साथ धूमधाम से निकली रामनवमी शोभा यात्रा श्रीराम के जयकारों से गूंजा शहर
