अंबाला, 03 अक्तूबर (आर. सिंह):- उत्तर रेलवे की अंबाला डिवीजन ने राजपुरा और धूलकोट (अंबाला) रेलवे स्टेशनों से मक्का लोड करके 3 करोड़ 20 लाख रुपये का राजस्व कमाया है।
डीआरएम के जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार मैसर्स एबिस फूड एंड प्रोटीन प्राइवेट लिमिटेड, शंभू ने वर्ष 2023 में राजपुरा रेलवे स्टेशन से मक्का के 62 वैगन लोड किए थे, जिससे रेलवे को 87.33 लाख रुपये की कमाई हुई थी। तीन साल बाद 2026 में अंबाला डिवीजन के सार्थक प्रयासों से 210 वैगनों को सफलतापूर्वक लोड करके मक्का लोड करने में नया रिकॉर्ड कायम किया गया है, जिससे 3.20 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हुई है।
जानकारी के अनुसार जुलाई 2026 में एबिस फूड एंड प्रोटीन प्राइवेट लिमिटेड को सूचित किया गया कि 30 सितंबर 2026 तक 15 प्रतिशत बिजी सीजन सरचार्ज माफ कर दिया गया है। इसके बाद उन्होंने राजपुरा स्टेशन से छत्रपति संभाजी नगर तक 84 वैगन लोड किए, जिससे 1.17 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय हुई। इसी क्रम में 1 अगस्त से अनाज के लिए नई तर्कसंगत मालभाड़ा समय-सारणी एबिस फूड एंड प्रोटीन प्राइवेट लिमिटेड को समझाई गई और उन्होंने धूलकोट रेलवे स्टेशन से राजनांदगांव, छत्तीसगढ़ और कियातसंद्रा, कर्नाटक के लिए 126 वैगन लोड किए, जिससे रेलवे को 2.03 करोड़ रुपये का अतिरिक्त राजस्व मिला।
