चंडीगढ़:- पंजाब सरकार ने राज्य के करीब 8 लाख सरकारी कर्मचारियों को बड़ा तोहफा देते हुए महंगाई भत्ते (डीए) की तीन प्रतिशत किस्त जारी करने का फैसला किया है। इसकी घोषणा मुख्यमंत्री भगवंत मान ने की। उन्होंने कहा कि राज्य के कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को यह बढ़ा हुआ भत्ता दिसंबर के वेतन और पेंशन के साथ दिया जाएगा।

इस फैसले के साथ ही राज्य सरकार ने दो महीनों में कर्मचारियों के डीए में 11 प्रतिशत की वृद्धि कर दी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि वर्ष 2022 में कर्मचारियों को 28 प्रतिशत डीए दिया जाता था, जो वर्ष 2026 में बढ़कर 53 प्रतिशत हो गया है। इससे कर्मचारियों को हर महीने 363 करोड़ रुपये का लाभ होगा, जबकि कुल 11 प्रतिशत डीए वृद्धि से कर्मचारियों को सालाना 3,988 करोड़ रुपये का लाभ मिलेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब के लोग राज्य सरकार की योजनाओं से अधिक खुश हैं। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी की सरकार ने कभी यह नहीं कहा कि पंजाब का खजाना खाली है, जबकि पिछली सरकारें हमेशा खजाना खाली होने का दावा करती रही हैं। आम आदमी पार्टी की सरकार ने अब तक राज्य में 71,777 युवाओं को नई नौकरियां दी हैं।

तीन विधायकों के भाजपा में शामिल होने पर मुख्यमंत्री ने कहा कि विधायक बनना केवल राजनीति नहीं है, बल्कि अपनी पार्टी के साथ खड़े रहना भी जरूरी होता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में जाने वाले विधायकों को पता चल जाएगा कि वहां नेताओं को कितना सम्मान मिलता है। इससे पहले कैप्टन अमरिंदर सिंह भी भाजपा में गए थे, लेकिन उनसे कभी कोई सलाह नहीं ली गई। बल्कि कैप्टन अमरिंदर सिंह स्वयं कह रहे हैं कि उनसे पटियाला के बारे में भी कोई सलाह नहीं ली जाती।

राज्य में चल रही ईडी की छापेमारी पर टिप्पणी करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि ईडी और सीबीआई की छापेमारी से स्पष्ट होता है कि पंजाब में चुनाव नजदीक आ गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चुनाव नजदीक आने पर ईडी और सीबीआई की छापेमारी तेज कर देती है और अब उसी तरह पंजाब को निशाना बनाया जा रहा है।