चंडीगढ़ / पटियाला -** पीआरटीसी पेंशनर्स एसोसिएशन के एक प्रतिनिधिमंडल ने पंजाब के खजाना मंत्री हरपाल सिंह चीमा से मुलाकात की और अपनी मांगों पर प्रकाश डाला। उनकी तीन मुख्य मांगें हैं - बकाया राशि का भुगतान, हर महीने की 10 तारीख से पहले पेंशन सुनिश्चित करना और बंद हुई सरकारी मासिक मदद को फिर से शुरू करना।
यह प्रतिनिधिमंडल पीआरटीसी पेंशनर्स एसोसिएशन की केंद्रीय बॉडी के चेयरमैन श्री मुकंद सिंह की अगुवाई में मंत्री से मिला। प्रतिनिधिमंडल में संगरूर डिपो के पीआरटीसी पेंशनर्स एसोसिएशन के पदाधिकारी श्री उपकार सिंह और श्री जोगिंदर सिंह भी शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने खजाना मंत्री श्री हरपाल सिंह चीमा, जिनके पास परिवहन विभाग भी है, को जानकारी देते हुए बताया कि 2013 से पीआरटीसी को मिल रही सवा छह करोड़ रुपये की सरकारी मदद पिछले महीने से बंद कर दी गई है, जिससे पहले से ही आर्थिक संकट का सामना कर रही पीआरटीसी और अधिक संकट में चली गई है। यह मदद तुरंत शुरू की जाए ताकि पहले से ही लड़खड़ा रही पीआरटीसी और अधिक बिगड़ने से बच सके।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि मासिक पेंशन हर महीने की 10 तारीख से पहले-पहले देना सुनिश्चित किया जाए। दो साल से लंबित पड़े मेडिकल बिलों का तुरंत भुगतान किया जाए। बहुत सारे पेंशनर्स तरह-तरह की बीमारियों से जूझते हुए बिस्तरों पर पड़े तड़प रहे हैं, समय पर इलाज न मिलने के कारण कई भगवान को प्यारे हो चुके हैं।
उन्होंने आगे कहा कि 2016 के ग्रेडों के बकाए, अन्य सभी संस्थानों में मिल चुके हैं परंतु हमारे संस्थान में अभी तक शुरू भी नहीं किए गए हैं। 85 साल से ऊपर के कई पेंशनर पति-पत्नी दोनों अपने बकाए का इंतजार करते-करते भगवान को प्यारे हो चुके हैं। उनके बकायों का क्या बनेगा? नए रिटायर होने वालों को उनके बनते रिटायरमेंट लाभ नहीं मिल रहे हैं, तनख्वाह बंद हो गई है, बकाया लेने के लिए वे रोजाना दफ्तरों के चक्कर काट रहे हैं पर पल्ले कुछ नहीं पड़ रहा। इसलिए हमारे इन बकायों के लिए फंड की बहुत जरूरत है।
प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पीआरटीसी के लगभग 1200 करोड़ रुपये के बकाए सरकार की ओर पड़े हैं। हमारे सारे फंड संस्थान को दिए जाएं ताकि संस्थान की आर्थिक हालत सुधर सके और हमारे सारे बकायों का निपटारा हो सके।
खजाना मंत्री ने प्रतिनिधिमंडल को भरोसा दिलाया और कहा कि मैं जल्द ही पीआरटीसी के अफसरों की एक जरूरी मीटिंग बुलाकर ज्यादा से ज्यादा फंड मुहैया करवाऊंगा ताकि संस्थान को आर्थिक हालात का सामना न करना पड़े।