लुधियाना:- लुधियाना के ढोलेवाल इलाके के पास बुधवार देर शाम एक प्रॉपर्टी डीलर पर करीब आठ अज्ञात व्यक्तियों द्वारा जानलेवा हमला किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावरों ने उसकी कार पर पांच से छह राउंड फायरिंग की। पीड़ित उस समय रेस्टोरेंट में रात का खाना खाने के बाद अपनी बुजुर्ग मां और साढ़े तीन साल के मासूम बेटे के साथ घर लौट रहा था। हमलावरों ने न केवल गोलियां चलाईं, बल्कि गाड़ी के शीशे तोड़कर प्रॉपर्टी डीलर के सिर पर तेजधार हथियारों और पिस्तौल के बट से जानलेवा हमला भी किया।
घायल प्रॉपर्टी डीलर की पहचान जगजीत सिंह के रूप में हुई है, जिसके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। खून से लथपथ होने के बावजूद उसने हिम्मत दिखाते हुए हमलावरों के चंगुल से गाड़ी निकाल ली और अपनी मां तथा बच्चे सहित सुरक्षित सिविल अस्पताल पहुंचने में कामयाब रहा, जहां उसका इलाज चल रहा है।
पीड़ित जगजीत सिंह ने बताया कि खाना खाने के बाद वे पानी की बोतल लेने और भुगतान करने के लिए रुके थे। इसी दौरान अचानक गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी तो उसने देखा कि उसका मासूम बेटा दौड़कर कार की ओर आ रहा था। बच्चे के कार में बैठते ही हमलावरों ने गाड़ी को घेर लिया और खिड़की के शीशे के पास से गोलियां चलानी शुरू कर दीं।
जगजीत सिंह के अनुसार, जब उसने अपने मासूम बेटे को बचाने के लिए आगे आकर ढाल बनने की कोशिश की तो हमलावरों ने उस पर हमला कर दिया और पिस्तौल के बट तथा तेजधार हथियारों से उसे बुरी तरह घायल कर दिया। फायरिंग के कारण कार के शीशे चकनाचूर हो गए और गोलियों के निशान गाड़ी के अंदरूनी हिस्से पर भी मिले हैं। बताया जा रहा है कि ड्राइवर सीट के नीचे से .45 बोर का एक खाली कारतूस भी बरामद हुआ है।
वारदात के तुरंत बाद पीड़ित ने सूझबूझ दिखाते हुए परिवार को बचाया और गाड़ी लेकर वहां से निकल गया तथा अस्पताल पहुंचकर अपनी जान बचाई। जगजीत सिंह ने दावा किया है कि वह हमलावरों को पहचानता है और करीब एक साल पहले भी इन्हीं व्यक्तियों ने उसके घर पर हमला करके गोलियां चलाई थीं। उसने आशंका जताई कि पुरानी रंजिश के चलते ही उसे जान से मारने की नीयत से यह हमला किया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
