रतिया, 5 अक्तूबर (एडवोकेट गुरप्रीत सिंह मंडेर):- अंतरराष्ट्रीय शिक्षक दिवस के अवसर पर चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट, बड़ौत-बागपत द्वारा आयोजित राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान समारोह एवं शिक्षा उन्नति गोष्ठी में सैनिक स्कूल खारा खेड़ी के हिंदी शिक्षक प्रदीप कुमार शास्त्री को शिक्षा एवं हिंदी भाषा के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए सरवपल्ली डॉ. राधाकृष्णन सम्मान से सम्मानित किया गया।

समारोह का आयोजन मेडिसिटी अस्पताल परिसर के सभागार, बड़ौत, जिला बागपत (उत्तर प्रदेश) में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न राज्यों से पहुंचे शिक्षकों तथा शिक्षा क्षेत्र से जुड़ी प्रमुख हस्तियों को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक कार्यों, नवाचारों तथा समाज में शिक्षा के प्रति योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

समारोह के मुख्य अतिथि बड़ौत विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री के.पी. मलिक, उत्तर प्रदेश महिला आयोग की सदस्य मनीषा अहलावत तथा विशिष्ट अतिथि बागपत के पुलिस अधिकारी सूरज राय रहे। उन्होंने शिक्षकों को समाज और राष्ट्र निर्माण की महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा तथा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष जोर दिया।

रतिया क्षेत्र के शिक्षाविद डॉ. नैब सिंह मंडेर एवं सुशील आजाद ने शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह सम्मान रतिया क्षेत्र के लोगों के लिए गौरव की बात है।

इस अवसर पर रतिया निवासी एवं सैनिक स्कूल खारा खेड़ी के हिंदी शिक्षक प्रदीप कुमार शास्त्री को राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद शास्त्री ने कहा कि शिक्षक की जिम्मेदारी केवल पाठ्यक्रम पूरा करवाने तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में संस्कार, संवेदनशीलता, रचनात्मकता और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करना भी शिक्षक का महत्वपूर्ण दायित्व है।

प्रदीप कुमार शास्त्री हिंदी भाषा एवं साहित्य के प्रति अपने समर्पण के साथ-साथ शिक्षा के क्षेत्र में भी सक्रिय रूप से योगदान दे रहे हैं। उनके सम्मानित होने पर शिक्षा जगत से जुड़े लोगों, सहकर्मियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम में चौधरी केहर सिंह एजुकेशनल ट्रस्ट के पदाधिकारियों के अलावा शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र से जुड़ी अनेक गणमान्य हस्तियां उपस्थित रहीं।