करनाल, 29 सितंबर:- असंध में सफीदों रोड स्थित मून लाइट होटल में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पर पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस के अनुसार, होटल के अंदर तीन युवक और तीन युवतियां मिलीं। टीम ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मौके से कुछ संदिग्ध सामान भी बरामद होने की बात पुलिस ने कही है। होटल संचालक को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस को सूचना मिली थी कि होटल में स्पा सेंटर संचालित किया जा रहा है और इसकी आड़ में संदिग्ध गतिविधियां चल रही हैं। सूचना के आधार पर डीएसपी गोरखपाल राणा, महिला थाना प्रभारी कनुप्रिया और असंध थाना प्रभारी राजेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने होटल में छापा मारा।

पुलिस टीम ने होटल के कमरों और अन्य स्थानों की जांच की। इस दौरान तीन युवक और तीन युवतियां मिलीं। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। मौके से मिले संदिग्ध सामान को भी कब्जे में लेकर जांच की जा रही है। डीएसपी गोरखपाल राणा ने बताया कि पुलिस को होटल में संचालित स्पा सेंटर की आड़ में संदिग्ध गतिविधियों की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर कार्रवाई की गई। शुरुआती पूछताछ में युवतियों के दूसरे राज्यों की होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस उनके पते और होटल में काम करने से संबंधित जानकारी जुटा रही है। पुलिस के अनुसार, युवतियों के परिवारों से संपर्क कर उनके बारे में जानकारी ली जाएगी। इसके बाद जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। डीएसपी ने लोगों से अपील की कि क्षेत्र में किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि दिखाई देने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।