जालंधर:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इसी महीने पंजाब के दौरे पर आ सकते हैं। संभावना है कि उनका कार्यक्रम दोआबा क्षेत्र में आयोजित होगा। रेलवे के उच्चस्तरीय और विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी 13 जुलाई को जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन के उद्घाटन के लिए स्वयं पंजाब पहुंच सकते हैं।
सूत्रों का यह भी दावा है कि प्रधानमंत्री का दौरा केवल रेलवे स्टेशन के उद्घाटन तक सीमित नहीं रहेगा। जालंधर में एक विशाल जनसभा आयोजित किए जाने की भी तैयारी चल रही है। माना जा रहा है कि इस रैली के जरिए प्रधानमंत्री मोदी आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों के लिए भारतीय जनता पार्टी के चुनाव प्रचार अभियान का औपचारिक शुभारंभ कर सकते हैं।
प्रधानमंत्री के संभावित दौरे की खबर के बाद प्रशासन, रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) और पंजाब पुलिस को अलर्ट पर रखा गया है। जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन और उसके आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की जा रही है। यदि प्रधानमंत्री का यह दौरा 13 जुलाई को होता है, तो इसे पंजाब की राजनीति और विकास, दोनों दृष्टियों से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि, रेलवे के महाप्रबंधक राजेश कुमार पांडे ने इस कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। उन्होंने कहा कि अंतिम कार्यक्रम और समय-सारिणी का निर्धारण उच्च अधिकारियों से प्राप्त निर्देशों के आधार पर किया जाएगा।
गौरतलब है कि देशभर के रेलवे स्टेशनों के आधुनिकीकरण के लिए चल रही 'अमृत भारत स्टेशन योजना' के तहत जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन का व्यापक पुनर्विकास किया गया है और इसे आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया गया है।
13 जुलाई को पंजाब आ सकते हैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जालंधर में बड़ी रैली से कर सकते हैं चुनावी अभियान का आगाज
