नई दिल्ली:- प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मनीला स्थित 100 साल पुराने गुरुद्वारा खालसा दीवान में माथा टेका और इस ऐतिहासिक धार्मिक स्थल के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत से संबंधित समारोह में हिस्सा लिया। 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेने के लिए फिलीपींस पहुंचे प्रधानमंत्री ने अपनी इस यात्रा की तस्वीरें भी साझा कीं। गुरुद्वारा साहिब में नतमस्तक होने के बाद उन्होंने कहा, "मनीला के गुरुद्वारा खालसा दीवान में पहुंचकर मैं खुद को बहुत सौभाग्यशाली महसूस कर रहा हूं।"

प्रधानमंत्री ने अपनी 'विकास भी विरासत भी' नीति के तहत विदेश यात्राओं के दौरान अक्सर धार्मिक स्थलों के दर्शन किए हैं। पंजाब में होने वाले चुनावों के मद्देनजर उनकी इस यात्रा को प्रतीकात्मक रूप से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यह दौरा फिलीपींस के साथ भारत के गहरे सांस्कृतिक संबंधों और प्रवासी भारतीयों के बीच सिख समुदाय के योगदान को भी दर्शाता है।