खरड़, 22 अक्तूबर:- खरड़ शहर में आधुनिक सुविधाओं से युक्त नया बस स्टैंड बनाने की परियोजना को आगे बढ़ाने के लिए पंजाब यूथ डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन श्री परमिंदर सिंह गोल्डी ने नगर परिषद कार्यालय, खरड़ में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक की। इस दौरान बस स्टैंड परियोजना की चल रही योजना और प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक में बस स्टैंड के लेआउट और नक्शे को अंतिम रूप देने के साथ-साथ परियोजना के बजट पर भी विचार-विमर्श किया गया।
कार्यकारी अधिकारी श्री अशोक पथरिया ने जानकारी देते हुए बताया कि नए बस स्टैंड का लेआउट तैयार करके आगे की कार्रवाई के लिए संबंधित अधिकारियों को भेज दिया गया है।
प्रस्तावित बस टर्मिनल को आधुनिक सुविधाओं से युक्त करने की योजना है। इसमें फायर स्टेशन, सरकारी कार्यालय, ऑडिटोरियम और बहु-स्तरीय पार्किंग जैसी सुविधाएं शामिल करने पर विचार किया गया, ताकि शहरवासियों और बाहर से आने वाले यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
इस अवसर पर श्री परमिंदर सिंह गोल्डी ने कहा कि खरड़ तेजी से विकसित हो रहा शहर है और इसकी भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए बस स्टैंड की योजना तैयार की जा रही है। उन्होंने अधिकारियों के साथ परियोजना की प्रगति और लोगों को बेहतर परिवहन सुविधाएं उपलब्ध करवाने के संबंध में चर्चा की तथा आवश्यक कार्रवाई में तेजी लाने पर जोर दिया।
इस अवसर पर खरड़ के एसडीएम श्री गुरमीत सिंह, कार्यकारी अधिकारी श्री अशोक पथरिया, ब्लॉक समिति के चेयरमैन श्री रघबीर सिंह मोदी, एएमई श्री जतिंदर सिंह, आर्किटेक्ट आशीष बंसल और गोविंदर चीमा, राम सरूप, नगर परिषद का कार्यालय स्टाफ और पूर्व पार्षद उपस्थित रहे।
