चंडीगढ़/पलवल, 26 अक्टूबर (हरमिंदर सिंह नागपाल):- हरियाणा के पत्रकारों के ट्रेड यूनियन श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा ने निःशुल्क बीमा पॉलिसी वितरण अभियान के तहत पलवल जिले के पत्रकारों को ₹5 लाख की निःशुल्क बीमा पॉलिसी, प्रेस पहचान पत्र और वाहन पास वितरित किए।

श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की ओर से पलवल के स्थानीय हवेली रिसोर्ट में पत्रकारों के लिए विशेष समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों को ₹5 लाख की निःशुल्क बीमा पॉलिसी, प्रेस पहचान पत्र और वाहन पास दिए गए।

समारोह की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने की, जबकि हरियाणा के खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में पहुंचने पर संघ की ओर से सभी अतिथियों का फूलमालाओं, गुलदस्तों और अंगवस्त्र भेंट कर जोरदार स्वागत किया गया।

समारोह का मुख्य उद्देश्य पत्रकारों को आर्थिक और शारीरिक सुरक्षा प्रदान करने के साथ-साथ उनकी पेशेवर पहचान को मजबूत करना था।

इस अवसर पर खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की इस महत्वपूर्ण पहल की प्रशंसा की। उन्होंने पत्रकारों की एकजुटता, सुरक्षा और निष्पक्ष पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पत्रकार समाज में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पत्रकारों के हितों, सुरक्षा और कल्याण के लिए भविष्य में भी इस प्रकार की गतिविधियां जारी रहनी चाहिए।

संघ की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन, जिला अध्यक्ष भूषण ओहलियांन और मीडिया समन्वयक नितिन शर्मा से विचार-विमर्श के बाद खेल राज्य मंत्री गौरव गौतम ने श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा को ₹11 लाख देने की घोषणा भी की।

संघ की संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष डॉ. इंदु बंसल जैन ने कहा कि श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा भविष्य में भी पत्रकारों के अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहेगा और उनके कल्याण के लिए योजनाएं बनाता रहेगा।

डॉ. बंसल ने कहा कि बीमा पॉलिसी वितरण अभियान के तहत हरियाणा के सभी जिलों में सैकड़ों पत्रकारों को निःशुल्क बीमा पॉलिसियां वितरित की जाएंगी।

इस अवसर पर संघ के प्रदेश महासचिव नवीन बंसल, पलवल जिला इकाई अध्यक्ष भूषण ओहलियांन तथा जिले के वरिष्ठ पत्रकार कृष्ण कुमार छाबड़ा, प्रवीण आहूजा, सुरेश गुप्ता, अशोक सरदाना, अजय प्रताप, राज कुमार भाटिया, कमल कांत, निकुंज गर्ग, राकेश गोयल, यशवीर, बलराम बंसल, सतबीर सोनू, रुस्तम जाखड़, सौरभ वर्मा, विनोद शर्मा, गौरव गोयल, करतार, अजय चौहान, हरीश और उमंग वालिया सहित श्रमजीवी पत्रकार संघ हरियाणा की पलवल जिला इकाई के सभी सदस्य और पदाधिकारी उपस्थित रहे।