होशियारपुर:- डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने बताया कि मुख्यमंत्री पंजाब भगवंत सिंह मान की घोषणा तथा राज्य सरकार के निर्णय के अनुसार राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत स्मार्ट राशन कार्ड योजना में नए राशन कार्ड बनाने एवं मौजूदा राशन कार्डों में नए सदस्यों को शामिल करने के लिए ऑनलाइन आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि इस पहल का उद्देश्य पात्र परिवारों को पारदर्शी, निष्पक्ष एवं तकनीक आधारित प्रक्रिया के माध्यम से योजना का लाभ उपलब्ध कराना है।
डिप्टी कमिश्नर ने बताया कि आवेदन फार्म अंग्रेजी एवं पंजाबी भाषा में विभागीय वेबसाइट http://foodsuppb.gov.in से डाउनलोड किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि आवेदक आवेदन भरने से पहले उसके साथ दी गई सभी हिदायतों को ध्यानपूर्वक पढ़े तथा आवश्यक दस्तावेजों सहित पूर्ण आवेदन ही जमा करवाएं।
उन्होंने बताया कि इच्छुक आवेदक अपने नजदीकी सेवा केंद्र अथवा कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन जमा कर सकते हैं। सीएससी के माध्यम से आवेदन करने पर प्रति आवेदन 100 रुपए प्रोसेसिंग शुल्क देय होगा। वहीं, आवेदक स्वयं भी राज्य सरकार के ई-आरसीएमएस पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं, जिसके लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं लिया जाएगा। इसके अतिरिक्त, आवेदक आवश्यक दस्तावेजों सहित 100 रुपए शुल्क के साथ अपना आवेदन जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, होशियारपुर के कार्यालय में भी जमा करा सकते हैं।
आशिका जैन ने बताया कि आवेदन सफलतापूर्वक ऑनलाइन जमा होने के बाद आवेदक के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर रसीद संख्या सहित पुष्टि संदेश भेजा जाएगा। आवेदन 11 अगस्त 2026 तक ही स्वीकार किए जाएंगे।
आशिका जैन ने बताया कि आवेदक किसी भी कार्य दिवस में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक सेवा केंद्र/सीएससी अथवा जिला कार्यालय में आवेदन जमा करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आम जनता की सुविधा के लिए जिला नियंत्रक, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग के कार्यालय, कमरा नंबर-326, तीसरी मंजिल, मिनी सचिवालय, होशियारपुर में हेल्प डेस्क स्थापित किया गया है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 01882-222663 पर कार्य दिवसों में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक संपर्क कर सकते हैं।
