होशियारपुर (दलजीत अजनोहा):- राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग के सदस्य प्रियांक कानूनगो ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे मानवाधिकारों से जुड़े मामलों को गंभीरता से लेते हुए उनका प्राथमिकता के आधार पर निपटारा सुनिश्चित करें। साथ ही, केंद्र सरकार की ओर से चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं की नियमित समीक्षा करें, ताकि इनका लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके। वे जिला प्रबंधकीय कांप्लेक्स में विभिन्न विभागों के प्रमुखों के साथ आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता कर रहे थे। इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन और एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक भी विशेष रूप से उपस्थित थे।

बैठक के दौरान प्रियांक कानूनगो ने जिला पुलिस से पॉक्सो एक्ट तथा मानवाधिकारों से संबंधित प्राप्त शिकायतों और उन पर की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने स्थानीय निकाय विभाग की ओर से पी.पी.ई. किट्स, नमस्ते योजना और प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के तहत किए जा रहे कार्यों की समीक्षा की। इसके अलावा स्कूल शिक्षा विभाग से शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत की गई कार्रवाई और प्री-मैट्रिक छात्रवृत्ति योजना की प्रगति के बारे में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की आर.बी.एस.के. योजना, पंजाब स्किल डेवलपमेंट कमीशन, आरसेटी, जिला प्रोग्राम अधिकारी के अधीन चलाई जा रही योजनाओं, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना और प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना सहित अन्य केंद्रीय योजनाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी तालमेल से कार्य करें और यह सुनिश्चित करें कि योजनाओं का लाभ जरूरतमंद एवं पात्र लाभार्थियों को समय पर मिले।

इस अवसर पर डिप्टी कमिश्नर आशिका जैन ने कहा कि जिला प्रशासन मानवाधिकारों की रक्षा और सरकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने आश्वासन दिया कि आयोग की ओर से दिए गए दिशा-निर्देशों के अनुसार संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जाएगा तथा लोगों की समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जाएगा।

एस.एस.पी. संदीप कुमार मलिक ने कहा कि जिला पुलिस महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, मानवाधिकारों की रक्षा और कानून के अनुसार शिकायतों पर कार्रवाई करने के लिए गंभीरता से कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि विशेषकर पॉक्सो एक्ट से संबंधित मामलों में संवेदनशीलता के साथ कार्रवाई की जाती है और आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

इससे पहले प्रियांक कानूनगो ने मुकेरियां क्षेत्र के कस्बा भंगाला तथा गांव नमोली, तलवाड़ा और घोगरा का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनकी मानवाधिकारों से संबंधित समस्याओं एवं शिकायतों को सुना। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि उनकी शिकायतों के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों को भी निर्देश दिए कि वे जनता की समस्याओं को गंभीरता और संवेदनशीलता से सुनें तथा उनके समाधान के लिए समयबद्ध कार्रवाई करें।

उन्होंने लोगों से अपील की कि मानवाधिकारों के उल्लंघन से संबंधित किसी भी समस्या को संबंधित अधिकारियों एवं आयोग के समक्ष उठाएं। इसके साथ ही उन्होंने नशे के खिलाफ लड़ाई में समाज, परिवारों और युवाओं की सक्रिय भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया।

इस अवसर पर ए.डी.सी. (जनरल) मेजर (डॉ.) सुमित मुध, ए.डी.सी. दसूहा अमनदीप कौर घुम्मण, आई.ए.एस. अधिकारी गुरकंवल सिंह, एस.डी.एम. होशियारपुर परमप्रीत सिंह, एस.पी. नवनीत कौर, एस.पी. एन.एस. माहल, जिला प्रोग्राम अधिकारी गगनदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।