हरोली/ऊना 25 सितंबर (राजवीर चोपड़ा):- नगर पंचायत टाहलीवाल में वार्ड 1 की आंगनवाड़ी में सहगल फाउंडेशन के सौजन्य से पोषण माह 2026 मनाया गया, जिसकी थीम "हमारी आंगनवाड़ी हमारी जिम्मेवारी" रखी गई है।
इस पोषण माह में मुख्य रूप से नगर पंचायत की अध्यक्ष निरंजना कुमारी ने शिरकत करते हुए उपस्थित महिलाओं को पोषण माह के बारे में बताया। उन्होंने महिलाओं को पोषण के तरीके व खान-पान के बारे में बताया। उन्होंने बताया कि उन्हें क्या-क्या खाना चाहिए, जिससे महिलाओं में किसी तरह की कोई कमी न पाई जा सके।
पोषण माह का मुख्य उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और 6 वर्ष तक के बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण और प्रारंभिक बाल्यावस्था देखभाल के प्रति जागरूकता करना है। इसमें प्रमुख गतिविधियां और बिंदु सामग्री व फोकस: आहार विविधता, आंगनबाड़ी केंद्रों पर ताजा व गर्म पका भोजन और जन-भागीदारी पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
इस पोषण माह कार्यक्रम में लगभग 70 महिलाओं ने भाग लिया। इस अवसर पर पार्षद डिम्पल देवी, सीएचओ मनीषा देवी, प्रधानाचार्य किरण देवी, सहगल फाउंडेशन से गीता, पवन, सतीन्द्र सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता व सहायक सहित आशा कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
