हरियाणा/हिसार: बिहार प्रदेश खत्री सभा के अध्यक्ष शम्मी कपूर ने बताया कि आज मधुबनी जिले के सहारघाट से आए सरदार संजय सिंह खत्री, जो पिछले चार वर्षों से शिक्षा विभाग में शिक्षक के रूप में कार्यरत थे, ने अपनी समस्या से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि अल्पसंख्यक खत्री (पंजाबी सिख) होने के कारण उन्हें विभागीय स्तर पर लगातार परेशान किया गया और अंततः विद्यालय से हटा दिया गया।
इस गंभीर विषय को लेकर आज मैंने बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार लखविंदर सिंह लक्क्खा से मुलाकात की। लक्क्खा ने आयोग कार्यालय में बुलाकर आयोग के अध्यक्ष गुलाम रसूल बलियावी जी के साथ मामले पर चर्चा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी करने का आश्वासन दिया।
उपाध्यक्ष लखविंदर सिंह लक्क्खा ने स्पष्ट कहा कि बिहार में खत्री–पंजाबी समाज के किसी भी व्यक्ति के साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि यदि एक सप्ताह के भीतर इस मामले का समाधान नहीं होता है, तो वे स्वयं माननीय मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्री से वार्ता कर पीड़ित शिक्षक को न्याय दिलाने का हर संभव प्रयास करेंगे।
बिहार प्रदेश खत्री सभा, माननीय लखविंदर सिंह लक्क्खा एवं बिहार राज्य अल्पसंख्यक आयोग का हृदय से आभार व्यक्त करती है। हमें विश्वास है कि आयोग के सकारात्मक हस्तक्षेप से पीड़ित शिक्षक को न्याय मिलेगा।
बिहार प्रदेश खत्री सभा भविष्य में भी बिहार के खत्री–पंजाबी समाज के प्रत्येक व्यक्ति की समस्याओं के समाधान हेतु निरंतर संघर्ष करती रहेगी तथा समाज के हितों की रक्षा के लिए सदैव तत्पर रहेगी।
