होशियारपुर- भारतीय जनता पार्टी जिलाध्यक्ष निपुण शर्मा की अध्यक्षता में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सफलतापूर्वक 12 साल प्रशासनिक कार्यकाल के संबध में प्रेसवार्ता का आयोजन किया गया।जिसमें प्रदेश की ओर से पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोमप्रकाश कैथ ने मीडिया से मुखातिब हुए।
इस मौके मीडिया से बात करते हुए पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री सोमप्रकाश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्षों के सफल एवं ऐतिहासिक कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि देश की जनता ने लगातार तीन बार उन्हें प्रधानमंत्री बनाकर उनके नेतृत्व, कार्यशैली और राष्ट्रहित के प्रति समर्पण पर अपनी मुहर लगाई है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने अनेक ऐसे ऐतिहासिक निर्णय और उपलब्धियां हासिल की हैं, जिन्होंने देश की दिशा और दशा दोनों को बदल दिया है।
सोमप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के प्रथम कार्यकाल में जनधन योजना, स्वच्छ भारत अभियान, उज्ज्वला योजना, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया जैसे कार्यक्रमों ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया। दूसरे कार्यकाल में जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद 370 और 35-ए की समाप्ति, नागरिकता संशोधन अधिनियम, श्रीराम जन्मभूमि मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त करना तथा आत्मनिर्भर भारत अभियान जैसे साहसिक और ऐतिहासिक निर्णय लिए गए।
उन्होंने कहा कि तीसरे कार्यकाल में प्रधानमंत्री मोदी विकसित भारत-2047 के संकल्प के साथ देश को विश्व की अग्रणी शक्तियों में स्थापित करने के लिए कार्य कर रहे हैं। भारत आज जी-20 की सफल अध्यक्षता, मजबूत अर्थव्यवस्था, डिजिटल क्रांति, रिकॉर्ड इंफ्रास्ट्रक्चर विकास, महिला सशक्तिकरण, राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक नेतृत्व के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छू रहा है।
सोमप्रकाश ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत ने चंद्रयान-3 की ऐतिहासिक सफलता, नए संसद भवन का निर्माण, कर्तव्य पथ का विकास, वंदे भारत ट्रेनों का विस्तार और गरीब कल्याण की अनेक योजनाओं के माध्यम से विकास का नया अध्याय लिखा है। आज भारत की आवाज विश्व मंच पर मजबूती से सुनी जाती है और प्रत्येक भारतीय स्वयं को गौरवान्वित महसूस करता है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का 12 वर्षों का कार्यकाल केवल राजनीतिक सफलता की कहानी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण, सुशासन, पारदर्शिता और गरीब कल्याण के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। देश की जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है और इसी विश्वास के बल पर भारत विकसित राष्ट्र बनने की ओर तेजी से अग्रसर है।
इस मौके पूर्व मंत्री तीक्ष्ण सूद,प्रदेश सचिव मीनू सेठी,पूर्व मेयर शिव सूद, बिन्दुसार शुक्ला,सुरेश भाटिया, कमल वर्मा,भारत भूषण वर्मा, अश्वनी गैंद, अंकुश वालिया,प्रेम बजाज, मनजिंदर सिंह सियान,विपुल वालिया, यशु जैन, अरुणेश कपूर, समरजीत सिंह, तुषे सूद आदि उपस्थित थे।
