अंबाला:- अंबाला कैंट की संगत की ओर से 24 नवंबर को आने वाले श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित नगर कीर्तन रविवार, 22 नवंबर को श्री गुरु सिंह सभा गुरुद्वारा, हरगो लाल रोड से सजाया जाएगा। बैठक के बाद मीडिया को जानकारी देते हुए भूपिंदर सिंह बिंद्रा ने बताया कि नगर कीर्तन ठीक दोपहर 3 बजे गुरुद्वारा रेजिमेंट बाजार पहुंचेगा। वहां से राय मार्केट और छावनी के मुख्य बाजारों से होता हुआ शाम 7 बजे वापस श्री गुरु सिंह सभा, हरगो लाल रोड पहुंचेगा, जहां इसका समापन होगा।

हरगो लाल रोड स्थित गुरुद्वारा सिंह सभा की प्रबंधक कमेटी के प्रधान सरबजीत सिंह जौहर ने बताया कि नगर कीर्तन में अंबाला शहर से गतका पार्टियां शामिल होंगी। इसके अलावा स्कूलों के बैंड और अन्य बैंड भी नगर कीर्तन का हिस्सा होंगे। जौहर ने बधाई के फ्लेक्स लगाने वालों से अपील की कि वे खुशी से अपने चित्र फ्लेक्स पर छपवा सकते हैं, लेकिन उन पर गुरु नानक देव जी का किसी भी प्रकार का चित्र नहीं छापा जाना चाहिए।

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित अंबाला शहर में 22 और 24 नवंबर को विभिन्न धार्मिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। 22 नवंबर को गुरुद्वारा मंजी साहिब में दीवान सजाया जाएगा। यह कार्यक्रम शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक चलेगा।

इसके बाद 24 नवंबर को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व को समर्पित अमृत संचार समारोह आयोजित किया जाएगा। इसी दिन गुरुद्वारा बादशाही बाग, दसवीं पातशाही, अंबाला शहर में कीर्तन दरबार भी करवाया जाएगा। यह कार्यक्रम सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक और फिर शाम 6 बजे से रात 10 बजे तक चलेगा। श्री गुरु तेग बहादुर जी सेवा सोसायटी, सीसगंज की ओर से विशेष सहयोग दिया जा रहा है।