अंबाला, 24 अक्टूबर (आर. सिंह):- श्री गुरु रामदास वेलफेयर सोसाइटी की ओर से गुरु जी के जन्म दिवस को समर्पित अंबाला छावनी में नगर कीर्तन सजाया गया। इस नगर कीर्तन के लिए पालकी साहिब विशेष रूप से शहीद बाबा हनुमान सिंह जी से संबंधित गुरुद्वारा सिंह शहीदां, सोहाना साहिब से लाई गई थी।
श्री गुरु ग्रंथ साहिब की छत्रछाया में और पांच प्यारों के नेतृत्व में यह नगर कीर्तन दोपहर बाद 3 बजे फरूका खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल से शुरू हुआ। यह गोल चक्कर, राय मार्केट, सदर बाजार, कच्चा बाजार, सब्जी मंडी और शहर के अन्य प्रमुख बाजारों से होते हुए शाम 7 बजे हरगो लाल रोड स्थित गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा पहुंचकर संपन्न हुआ। इस नगर कीर्तन के दौरान फरूका खालसा सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे और उनका पाइप बैंड, सिख सीनियर सेकेंडरी स्कूल के बच्चे और उनका पाइप बैंड तथा निहंग सिंहों का पाइप बैंड आकर्षण का केंद्र रहे।
हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज भी वहां पहुंचे और नगर कीर्तन में श्रद्धापूर्वक भाग लिया। उन्होंने पांच प्यारों को सिरोपा भेंट किया, पालकी साहिब के समक्ष माथा टेका और गुरु जी का आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने “जो बोले सो निहाल” का जयकारा भी लगाया। इससे पहले, उनके पहुंचने पर श्री रामदास वेलफेयर सोसाइटी के पदाधिकारियों, प्रिंसिपल के.पी. सिंह और सुदर्शन सिंह सहगल ने मुख्य अतिथि को सिरोपा भेंट कर उनका स्वागत किया। उन्होंने बताया कि श्री गुरु रामदास जी महाराज के जन्म दिवस के अवसर पर पहली बार अंबाला छावनी में पांच प्यारों के नेतृत्व में यह नगर कीर्तन सजाया गया है।
इस अवसर पर हरियाणा सिख गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के पूर्व वरिष्ठ उपाध्यक्ष सुदर्शन सिंह सहगल, पूर्व सदस्य बी.एस. बिंद्रा, एसजीपीसी सदस्य जत्थेदार हरपाल सिंह मछौंडा, सिख सीनियर सेकेंडरी स्कूल के प्रबंधक जगमीत सिंह जोश, रवि सहगल, गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, हरगो लाल रोड के अध्यक्ष सरबजीत सिंह जौहर, जसबीर जस्सी, नगर परिषद की अध्यक्ष स्वर्ण कौर तथा गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, बीसी बाजार के अध्यक्ष ब्रह्मजीत सिंह खालसा सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
